पीलीभीत: पीलीभीत के बिलसंडा क्षेत्र में बेटी के जन्म लेने पर युवक ने अपने मां के साथ नवजात को झाड़ियों में फेंक दिया। घटना के 11 दिन बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवक मोनू और उसकी मां रानी को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला बिलसंडा थाना क्षेत्र के रुरिया धुरिया गांव का का|
रुरिया धुरिया गांव के रहने वाले मोनू पुत्र निदराम ने 29 अक्टूबर को जौनपुर जिले की रहने वाली एक महिला से शादी की थी। शादी के समय लड़की गर्भवती थी। 18 नवंबर को महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया| इसके बाद पति मोनू ने बच्ची को झाड़ियों में फेंक दिया और अपनी पत्नी को बताया कि बच्ची मृत पैदा हुई थी|
18 नवंबर को नवजात झाड़ियों में रोते बिलखते मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मासूम बच्ची को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया था, जहां से मासूम बच्ची को बेहतर पालन पोषण के लिए बाल संरक्षण गृह बदायूं में भेज दिया गया है, जहां बच्चे का पालन पोषण किया जा रहा है।
पीलीभीत ASP डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया,''बिलसंडा क्षेत्र में नवंबर में एक बच्ची झाड़ियों में मिली थी। मोनू नामक व्यक्ति ने अक्टूबर में एक महिला से शादी की थी जो पहले से गर्भवती थी। मोनू और उसकी मां ने महिला की डिलीवरी कराई थी और इसकी जानकारी किसी को भी नहीं दी गई थी|
दोनों ने बच्ची को झाड़ियों में फेंक दिया था और महिला को बताया कि बच्ची मृत पैदा हुई थी। इसमें अभियोग पंजीकृत किया गया था। मोनू और उसकी मां को गिरफ़्तार किया गया है। बच्ची को बाल संरक्षण गृह बदायूं में भेजा गया है, कार्रवाई जारी है|