प्रयागराज: प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन रोकथाम मामले में मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ विधासनभा सीट से विधायक अब्बास अंसारी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार देर रात नौ घंटे की पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मऊ सदर विधायक और मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को शनिवार को 7 दिन के ईडी रिमांड पर भेजा गया|
अब्बास को ईडी ने पूछताछ के लिए प्रयागराज ऑफिस में बुलाया था| नौ घंटे की पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को कोर्ट में जिला जज ने ईडी की मांग पर अब्बास अंसारी की कस्टडी रिमांड मंजूर कर दी| हालांकि, ईडी ने कोर्ट से 14 दिन की कस्टडी रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने सिर्फ 7 दिन की रिमांड ही मंजूर की|
मुख्तार पर दर्ज मनी लांड्रिंग मामले की जांच में जुटी ईडी ने पिछले महीने ही अब्बास के देश से बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। इसके तहत उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। इससे पहले उसकी मां अफ्शा अंसारी के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी हुआ था।
एजेंसी ने अगस्त महीने में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद अफजाल अंसारी के दिल्ली स्थित सरकारी आवास और गाजीपुर, मोहम्मदाबाद (गाजीपुर जिले में), मऊ और लखनऊ में कुछ स्थानों पर छापेमारी की थी|
उत्तर प्रदेश में मुख्तार अंसारी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, जिनके सिलसिले में धनशोधन का यह मामला दर्ज किया गया था| इसके अलावा उसकी पत्नी और कुछ संबंधियों द्वारा संचालित (भागीदारी कंपनी) विकास कंस्ट्रक्शन के खिलाफ भी दो मामले दर्ज हैं|