प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण तट पर दफनाए गए शव पानी से बाहर आ रहे हैं। प्रयागराज में गंगा में पानी बढ़ जाने से नदी में कटान होने लगी है और बड़ी तादाद में वहां दफनाए गए शव गंगा में तैरने लगे हैं| ऐसे 100-150 से ज्यादा शवों का नगर निगम ने अंतिम संस्कार कर दिया है|
नगर निगम के जोनल अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया, ''गंगा के कटान से जो शव आ रहे हैं वे गंगा में बहने न पाएं इसलिए हम उनका हिंदू रिति के अनुसार अंतिम संस्कार कर रहे हैं।''
कोरोना की दूसरी लहर में प्रयागराज में गंगा के किनारे पूरे क्रबिस्तान नजर आए| गंगा किनारे ऐसी स्थिति कभी देखने को नहीं मिली. बारिश और दरिया के कटाने से वो शव बाहर आ गए हैं|अब नगर निगम के लोग खुद अपने हाथों उनका अंतिम संस्कार कर रहे हैं|
जोनल अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि कुछ ऐसी महिलाओं के भी शव निकले हैं जिनकी अभी तक नेल पॉलिश भी नहीं हटी है| अभी हम लोगों ने देखा| कुछ महिलाओं ने सुंदर सी साड़ियां पहन रखी हैं| उनके ऊपर ना तो रामनामी है और ना ही कफन| इनके परिवार वालों की क्या मानसिक पीड़ा, दशा रही होगी वो तो जानना अब हम लोगों के बस का है नहीं|
बता दें, फाफामऊ घाट पर निगरानी के लिए लगाए गए मजदूरों ने गुरुवार सुबह से दोपहर 12 बजे तक 13 शव निकाले। इन शवों का अंतिम संस्कार कराया जा रहा था, तब तक और शवों के बाहर आने की जानकारी मिलने लगी। रात आठ बजे तक कटान की चपेट में आने के बाद 22 और शव रेत से निकाले गए।