चंडीगढ़: कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी को हॉकी स्टिक और बॉल चुनाव चिन्ह के रूप में मिला है। पंजाब में अगले महीने 14 फरवरी को चुनाव हैं| एक ही फेज़ में राज्य में वोटिंग होगी और 10 मार्च को नतीजे आएंगे|
पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले, कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई राजनीतिक पार्टी 'पंजाब लोक कांग्रेस' सोमवार (10 जनवरी) को हॉकी स्टिक और बॉल चुनाव चिन्ह के रूप में मिला है।
हॉकी स्टिक और बॉल का चुनाव सिंबल मिलने के बाद पंजाब लोक कांग्रेस ने ट्वीट में कहा, ‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पंजाब लोक कांग्रेस को पार्टी का प्रतीक -हॉकी स्टिक और बॉल मिल गया है। अब केवल गोल करना बाकी है।’ Bas_Hun_Goal_Krna_Baki
कैप्टन को कांग्रेस ने चुनाव से साढ़े 3 महीने पहले CM की कुर्सी से हटा दिया। इसके बाद कैप्टन ने कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बना ली। अब इस बार कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब में भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।
कैप्टन और भाजपा के साथ शिरोमणि अकाली दल संयुक्त भी गठजोड़ में है। हालांकि, अभी सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है। कैप्टन का कहना है कि वह सिर्फ जीत के आधार पर सीट बांटेंगे। जहां जिसका कैंडिडेट मजबूत हुआ, दूसरे सहयोगी उनकी मदद करेंगे।
सीटों के बंटवारे के लिए भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और अकाली दल संयुक्त की 6 मेंबरों की कमेटी बनी है। जिसमें कैप्टन की पार्टी से उनके बेटे रणइंदर सिंह, अकाली दल संयुक्त से सुखदेव ढींढसा के बेटे परमिंदर ढींढसा और भाजपा नेता शामिल हैं। हालांकि अभी तक इस गठजोड़ ने किसी भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।