मोहाली: Punjab Assembly Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव में सांसद भगवंत मान आम आदमी पार्टी का सीएम चेहरा होंगे। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मोहाली में इसका एलान किया। मोहाली में अरविंद केजरीवाल ने कहा,''पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP की तरफ से पंजाब के अगले सीएम और पार्टी का सीएम चेहरा औपचारिक रूप से भगवंत मान जी हैं|
उन्होंने कहा कि 22 लाख लोगों ने मान के पक्ष में राय दी है। इसके बाद कुछ लोगों ने नवजोत सिद्धू का नाम भी लिया था। इस दौरान भगवंत मान की माता हरपाल कौर और उनकी बहन भी मौजूद रहीं। मंगलवार दोपहर में केजरीवाल के एलान से पहले ही पूरे शहर में भगवंत मान के पोस्टर लग गए थे।
मोहाली में AAP के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने कहा कि,''पंजाब के लोगों को नौकरियां देना और शांति कायम रखना ये मेरा सपना है। आज पार्टी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है और जनता ने मुझ पर विश्वास किया है तो ये मेरे लिए डबल जिम्मेदारी है और मैं डबल हौसले से काम करूंगा|
बता दें कि,पंजाब विधानसभा चुनाव में सीएम चेहरे पर लोहड़ी के दिन आम आदमी पार्टी ने एक नंबर जारी कर लोगों से राय मांगी थी। मोहाली में नंबर लांच करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि भारत के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब सीएम का चेहरा जनता खुद तय करेगी। लोग सीएम चेहरे के लिए 70748 70748 नंबर पर फोन, एसएमएस, अपनी आवाज रिकॉर्ड कर छोड़ सकते हैं। इस नंबर पर 17 तारीख को शाम पांच बजे तक राय दी जा सकती थी। उस समय अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि अगर कोई नेता बाहर का हुआ तो भगवंत मान उसे आगे लेकर आएंगे।