जालंधर: पंजाब के जालंधर में पंजाब फतेह रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि,''हमारे सामने पंजाब का चुनाव है। ये सिर्फ एक चुनाव नहीं है, ये पंजाब के भविष्य का सवाल है। पंजाब किस डायरेक्शन में, किस रास्ते आगे बढ़ेगा, ये सवाल है। हमारे लिए, कांग्रेस के लिए पंजाब एक सिंबल है, एक चिन्ह है। ये हमारे लिए सिर्फ एक प्रदेश नहीं है, ये हमारे लिए एक विचारधारा है, एक सोच का परिचायक है, पंजाब भाईचारा है, तो ये हमारे लिए, हमारी आईडियोलॉजी के लिए एक बहुत जरुरी चिन्ह है। मैं जानता हूँ सालों से, जैसे आज गाड़ी में किसी ने कहा- कहीं भी देखो, ऊपरनीचे. पंजाब के अंदर आपको कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा साफ दिखाई देगी. दिल में है आपके। आप सबने देश को इतना दिया है, प्रधानमंत्री जी दिए आपने। 10 साल, डॉ. मनमोहन सिंह जी ने इस देश को रास्ता दिखाया, वो आपकी देन है और फिर से कहता हूँ, डॉ. मनमोहन सिंह जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, एक सोच है, काम करने का एक तरीका है। जिसे आप पंजाबियत कहते हो, हर धर्म का आदर, सबका आदर, बुजुर्गों का आदर, महिलाओं का आदर, ये आपकी सोच है, ये हमारी सोच है। तो रास्ता आपने चुनना है।
राहुल गांधी ने कहा कि,''गाड़ी में बात हुई कि आगे पंजाब को कौन लीड करेगा? मीडिया वाले उसको सीएम कैंडिडेट कहते हैं। दोनों, चन्नी जी ने और सिद्धू जी ने गाड़ी में मुझे कहा कि देखिए, पंजाब में सबसे बड़ा सवाल, कांग्रेस पार्टी को पंजाब में कौन लीड करेगा और दोनों ने मुझे आश्वासन दिया और मैं बहुत खुश हुआ कि देखिए, दो लोग तो लीड नहीं कर सकते हैं, एक ही व्यक्ति लीड करेगा और दोनों ने मुझे कहा, जो भी लीड करेगा, कसम खाकर दूसरा व्यक्ति अपना पूरा दम, अपनी पूरी शक्ति लगाकर उसकी मदद करेगा। मैं सुन रहा था, काफी खुश हुआ और मैंने सोचा कि हाँ, दोनों में, दोनों के दिल में कांग्रेस पार्टी की सोच|
अगर कांग्रेस पार्टी चाहती है, क्योंकि आमतौर पर हम ये नहीं करते हैं, मगर, अगर कांग्रेस पार्टी चाहती है और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता चाहते हैं, और पंजाब चाहता है, तो फिर हम चीफ मिनिस्टर का निर्णय आपके लिए ले लेंगे। कैसे लेंगे- अपने कार्यकर्ताओं से पूछकर और जो सही व्यक्ति होगा, वो पंजाब को आगे ले जाएगा और दूसरा व्यक्ति और दूसरे सब लोग मिलकर एक टीम जैसे लड़ाई लड़ेंगे।
कांग्रेस सिर्फ एक राजनैतिक पार्टी नहीं है, ये एक विचारधा है
देश में बहुत सारी राजनैतिक पार्टियाँ हैं, कांग्रेस सिर्फ एक राजनैतिक पार्टी नहीं है, ये एक विचारधारा है। ये वो विचारधारा है, जिसने अंग्रेजों को हराकर इस देश को बनाया है, तो ये विचारधारा है और इस विचारधारा में हम सब एक हैं। जैसे- कहा जाता है कि पंजाब पांच नदियों का स्टेट है, मगर, अगर आप उसको गहराई से देखिए, तो वो पांच नदियाँ एक नदी से आती हैं और फिर वो पांच नदियाँ समुद्र में मिल जाती हैं और आज मैं सोच रहा था, भाषण के बारे में सोच रहा था और मैंने नोटिस किया कि पंजाब शब्द के अंदर हमारा जो चिन्ह हैं, 'पंजा', वो भी है।
राहुल गांधी ने कहा कि,''''थोड़ा सा मैं आपको देश के बारे में और पंजाब के बारे में बताना चाहता हूँ। चाहे वो नरेन्द्र मोदी जी हों, बीजेपी हो, चाहे वो बाकी पार्टियाँ हों और उसमें मैं आम आदमी पार्टी को भी शामिल करता हूँ, ये सब पार्टियाँ पावर को कन्सन्ट्रेट करती हैं। पावर को चीफ मिनिस्टर के हाथ में कन्सन्ट्रेट करती हैं, प्रधानमंत्री के हाथ में कन्सन्ट्रेट करती हैं। कांग्रेस की विचारधारा- शक्ति जनता की है, पावर को हम जनता के हवाले करना चाहते हैं। अब ये जो पावर को सेन्ट्रलाइज किया जा रहा है, जो नेशनल लेवल पर नरेन्द्र मोदी जी करते हैं और आमतौर से चीफ मिनिस्टर करते हैं, इससे देश का क्या नुकसान हो रहा है, प्रदेश का क्या नुकसान हो रहा है, मैं बताता हूँ।
रोजगार का सिस्टम आप देखिए, किसी भी प्रदेश में जाइए, रोजगार स्मॉल और मीडियम बिजनेस वाले देते हैं। जो देश के सबसे बड़े उद्योगपति होते हैं, वो इतना रोजगार नहीं देते, जितना छोटे दुकानदार, स्मॉल एंड मीडियम बिजनेस चलाने वाले लोग देते हैं। नेशनल लेवल पर आप देखिए, डीमोनेटाइजेशन, नोटबंदी, किसको नुकसान हुआ- छोटे बिजनेस वालों को, दुकानदारों को, स्मॉलमीडियम बीजनेस वालों को। फायदा किसको हुआ- देश के सबसे बड़े 2-3 अरबपतियों का। उसके बाद जीएसटी लागू की, किसको फायदा हुआ- उन्हीं 2-3 अरबपतियों का। किसको नुकसान हुआ- छोटे दुकानदारों को, स्मॉल-मीडियम बिजनेस वालों को।
तीन कृषि बिल मोदी जी लाए, पंजाब के किसानों ने पूरा दम लगाकर, हिंदुस्तान की सरकार के सामने खड़े होकर आंदोलन किया और मैं आपको बधाई देता हूँ, हम भी आपके साथ खड़े थे, मगर आपने उन को खारिज कराया, मगर बिल का लक्ष्य क्या था- बिल का लक्ष्य था कि जो किसानों का है, जो मजदूरों का है, जो छोटे दुकानदारों का है, वो उनके हाथ से छीनकर हिंदुस्तान के सबसे अमीर 5-6 अरबपतियों को दे दिया जाए, ये लक्ष्य था।
देश में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा,''डीमोनेटाइजेशन, जीएसटी, किसान बिल के बाद देश रोजगार पैदा नहीं कर पाएगा और वो आपको दिख भी रहा है। देश में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। यहाँ पर आपको पेट्रोल और डीजल के दाम में थोड़ी राहत दी गई, मगर बाकी देश में ये नहीं होता। यहाँ पर हमारी सरकार ने बिजली में ऐतिहासिक काम किया, आपकी मदद की, बाकी सरकारों में नहीं होता। ये हमने क्यों किया, क्योंकि हम समझते हैं कि सबसे ज्यादा दर्द, सबसे ज्यादा दुःख, सबसे ज्यादा बोझ आज गरीब उठा रहा है। उसमें सब धर्म के लोग हैं। अलग-अलग जाति के लोग हैं, मगर जो गरीब हैं आज हिंदुस्तान में, पूरा का पूरा बोझ उसके कंधों पर रख दिया गया है और हम वो बोझ कम करना चाहते हैं। तो सवाल उठता है, पावर को हम पंजाब में डीसेन्ट्रलाइज कैसे करें। सबसे पहले, जो आपका पैसा है, चार क्षेत्रों में हैं- शराब, माइनिंग, ट्रान्सपोर्ट और केबल, केबल टीवी। इन सिस्टम्स में हजारों करोड़ रुपए आपके हैं, वो आप तक नहीं पहुंचते। हमने शुरुआत की है, मगर हमें एवोल्यूशन नहीं चाहिए, हमें रेवोल्यूशन चाहिए। जो आपका धन है, वो हम आपके हवाले करना चाहते हैं और इन चार एरियाज में, हम एवोल्यूशनरी काम नहीं करेंगे, हम रेवोल्यूशनरी काम करने जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा,''मैंने रोजगार की बात की। पंजाब में आपके पास कई क्लस्टर्स हैं, अलग-अलग बिजनेस के क्लस्टर्स। स्मॉल एंड मीडियम इंडस्ट्री के क्लस्टर्स। मोहाली में आईटी और शिक्षा का हब। अमृतसर में टूरिज्म, मेडिकल टूरिज्म। पूरी दुनिया से लोग अमृतसर आते हैं, गोल्डन टेम्पल में दर्शन करने आते हैं, जलियांवाला बाग देखने आते हैं। लुधियाना में इलेक्ट्रिक व्हिकल्स का हब बनाएंगे। जालंधर में स्पोर्ट्स गुड्स का हब। बठिंडा में फार्म इक्विपमेंट का हब। पटिलाया में फुलकारी और पूरे पंजाब में एग्रीकल्चर। हमारी सरकार, ये जो पैसा एल्कोहोल, माइनिंग, ट्रान्सपोर्ट और केबल से जो पैसा आएगा, उस पैसे का प्रयोग हमारी सरकार इन हब्स को वर्ल्ड क्लास सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस में बदलने में इस्तेमाल करेगी। हम चाहते हैं कि 'मेड इन पंजाब' पूरी दुनिया को ये शब्द दिखने लग जाए।
पंचायती राज की राजीव जी ने बात की थी
राहुल गांधी ने कहा,''''पंचायती राज' की बात राजीव जी ने की थी। हम चाहते हैं कि जो हमारे प्रधान हैं, सरपंच हैं, लोकल बॉडीज में जो हमारे नेता हैं, कॉर्पोरेटर्स हैं, पावर उनके हाथ में दी जाए और डायरेक्ट उनके हाथ मे दी जाए और ब्यूरोक्रेसी से पंजाब न चलाया जाए, तो ये एक और उदाहरण डीसेन्ट्रलाइजेशन का होगा। तीसरा उदाहरण, 'सरकार आपके द्वार'। 160 सर्विसेज, जो सब लोग चाहते हैं। सर्टिफिकेट्स, क्लियरेंसेज, परमिशन्स, लोकल टैक्सेस, जो भी आपका सरकार से इंटरफेस होता है, ये सब चीजें, 160 चीजें, वन विंडो में हम आपके घर डायरेक्ट पहंचा देंगे।
तो आज आपको जो सरकार से बातचीत करनी पड़ती है, जो डिस्कशन करना पड़ता है, वो बंद हो जाए और डायरेक्टली आप अपने घर से जो सर्टिफिकेट्स आपको चाहिए, जो नक्शों की आपको जरुरत है, जो क्लीयरेंस आपको चाहिए, जो परमिशन्स आपको चाहिए, वो आप डायरेक्टली अपने घर में इंटरनेट के द्वारा ले लें।
पंजाब में सबसे जरूरी शांति और भाईचारा
ये सब किया जा सकता है और जैसा मैंने कहा हम एवोल्यूशन नहीं चाहते हैं, हम रेवोल्यूशन चाहते हैं, मगर पंजाब में सबसे जरुरी चीज शांति और भाईचारा है, जो आपका इतिहास है, आपकी हिस्ट्री है। कांग्रेस पार्टी अकेली ऐसी पार्टी है, जो सबकी पार्टी है। आप सब हमारे हो। हमारा एक्सपीरियंस है, मैं हवा में बात नहीं कर रहा हूं, हमारा एक्सपीरियंस है, हजारों कांग्रेस वर्कर्स ने अपना खून दिया है और मैं आपको एक बात कहना चाहता हूं, चाहे कुछ भी हो जाए, कांग्रेस पार्टी पंजाब में शांति को नहीं टूटने देगी, हम मर जाएंगे, मगर शांति को टूटने नहीं देंगे और हम ये काम करना जानते हैं। ये हमने किया है, क्योंकि हम लोगों को जोड़ना जानते हैं। सबको एक साथ लेकर आगे ले जाना जानते हैं। ये मैं आपको मैसेज देना चाहता था। पुराना रिश्ता है, प्यार का रिश्ता है। आपसे मैं बहुत सीखा हूं। मनमोहन सिंह जी से मैं बहुत सीखा हूं और सीलूँगा। दिल से मैं आपका धन्यवाद करना चाहता हूं और जल्दी से जल्दी जो आपकी मांग है, चीफ मिनिस्टर को डिक्लेयर करने की मांग, उसको हम जल्दी से जल्दी पूरा करेंगे।
महिलाओं के लिए एक डेडिकेटेड मेनिफेस्टो बनाना चाहिए
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा,''आखिरी बात मैंने गाड़ी में कही। मैंने चन्नी जी से, सिद्धू जी से कही कि हमें गहराई से सोचकर महिलाओं के लिए एक डेडिकेटेड मेनिफेस्टो बनाना चाहिए। दो-तीन वायदे, 15-20 वायदे नहीं, दो तीन ठोस वायदे, जिससे हमारी जो माताएं हैं और बहने हैं, उनकी जिंदगी बदल जाए। ये मैंने उनसे कहा कि ये मेनिफेस्टो में लिख दें, क्योंकि जो हमारी महिलाएं हैं, पंजाब की वो रीढ़ की हड्डी हैं और आमतौर से जो उनको मिलना चाहिए, जो उनको सपोर्ट मिलना चाहिए, वो नहीं मिलता है, इसलिए दो-तीन वायदे गहराई से सोचकर, ऐतिहासिक रेवोल्यूशनरी वायदे कांग्रेस पार्टी को महिलाओं से करने चाहिए।