रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर से लापता महिला बैंककर्मी तनु कुर्रे का जला हुआ शव ओडिशा में मिला। ओडिशा के बलांगीर के जंगल में बैंककर्मी तनु कुर्रे की हत्या कर लाश को जला दिया गया था। 24 नवंबर को बलांगीर के जंगल में तनु की जली हुई लाश मिली। रायपुर पुलिस ने तनु कुर्रे मर्डर केस में गुरुवार 01 दिसंबर, 2022 को आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। 26 वर्षीय तनु कुर्रे रायपुर के मोवा स्थित एक्सिस बैंक कार्यरत थी।
21 नवंबर को कोरबा निवासी तनु कुर्रे अपने प्रेमी सचिन अग्रवाल के साथ ओडिशा गई थी| प्रेमी सचिन अग्रवाल ने ओडिशा के बलांगीर के जंगल में ले जाकर प्रेमिका तनु पर तीन राउंड फायरिंग की। जब प्रेमी को लगा तनु की सांसे रुक गई है तब उसने उसकी लाश को पेट्रोल डालकर जलाया ताकि लाश की पहचान न हो|
जानकारी के मुताबिक, कारोबारी सचिन अग्रवाल ओडिशा के बलांगीर का रहने वाला है | सचिन अग्रवाल कारोबार के सिलसिले में अक्सर रायपुर आता- जाता रहता था| इस दौरान 2019 में उसकी मुलाकात तनु कुर्रे से हुई और दोनों के बीच प्यार हो गया। दोनों के बीच 3 सालों तक प्रेम संबंध रहा। तीन साल तक दोनों में मिलना जुलना रहा।
21 नवबंर 2022 को सचिन रायपुर आया और अपने परिजनों से मिलाने के नाम पर तनु को अपने साथ बलांगीर ले गया। जब तनु बैंक से घर वापस नहीं लौटी तो परिजन फोन करने लगे लेकिन उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ बता रहा था। ऐसे में परेशान परिजन कोरबा से रायपुर पहुंच गए और 22 नवंबर को गुमशुदगी का मामला मोवा थाने में दर्ज कराया।
इस बीच 24 नवंबर को बलांगीर के तुरईकेला इलाके के जंगल में तनु की अधजली हुई लाश मिली। जिसकी सुचना ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस को दी गई| मामले की जांच के लिए रायपुर पुलिस की एक टीम मृतका के परिजनों के साथ बलांगीर पहुंची। वहां परिजनों ने शव की पहचान तनु कुर्रे के रूप में की थी। गुमशुदगी की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में तनु सचिन के साथ जाते हुए दिखाई दी।
जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी शुरू कर दी| पुलिस ने गुरुवार को आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया और ओडिशा पुलिस को सुपुर्द किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
रायपुर के ASP अभिषेक माहेश्वरी ने गुरुवार को बताया, 21 नवंबर को तनु कुर्रे अपने परिचित सचिन अग्रवाल के साथ ओडिशा गई थी। महिला के परिजनों ने बताया कि वहां जाने के बाद से सचिन उनकी बेटी से बात नहीं करा रहा है| मामला दर्ज कर हमारी टीम उसे ढूंढने वहां गई थी। 24 नवंबर को हमें ओडिशा के बलांगीर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली जिसकी पहचान तनु के रूप में हुई। सचिन अग्रवाल को गिरफ़्तार कर लिया गया है। बलांगीर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है|