Rampur Assembly Bypoll: यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट के साथ ही रामपुर और खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान आज सुबह सात बजे से शूरू हो चुका है। मतदान शाम छह बजे तक होगा। उपचुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे।
रामपुर उपचुनाव, अपडेट
रामपुर में शाम पांच बजे तक 31.22% मतदान
रामपुर में शाम पांच बजे तक 31.22% मतदान हुआ। इस उपचुनाव में सपा और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई है। यहां सपा और भाजपा के उम्मीदवारों सहित कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।
1 बजे तक 19.01 फीसदी मतदान
रामपुर में दोपहर 1 बजे तक 19.01 फीसदी मतदान
भाजपा के लोगों ने सपा के बूथ पर तोड़फोड़ और गुंडागर्दी की
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा,''रामपुर में भाजपा के लोगों ने सपा के बूथ पर तोड़फोड़ और गुंडागर्दी की। सवाल पूछने पर सीओ साहब भाग खड़े हुए। मामले का संज्ञान ले चुनाव आयोग, आरोपी भाजपा नेता पर हो कार्रवाई। ऐसे पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड किया जाए।
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा,'भाजपा सत्ता का जितना दुरुपयोग कर ले, जीतेगी सपा ही ! मैनपुरी, खतौली और रामपुर में भाजपा और प्रशासन की मिलीभगत और बेईमानी के बावजूद हर क्षेत्र में सपा आगे है। सभी लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें और भाजपा का सफाया करें ।
सुबह 11 बजे तक 11.3 फीसदी मतदान
रामपुर में मतदान की रफ्तार धीमी है। रामपुर में सुबह 11 बजे तक 11.3 फीसदी मतदान हुआ है।
पुलिस और प्रशासन वोट डालने भी नहीं देते
राम गोपाल ने कहा,''रामपुर में वोट डालने भी नहीं देते। आए दिन लोगों की पिटाई शुरू हो गई। एसएसपी वही हैं जिन्हें चुनाव के दौरान मेरी शिकायत पर फिरोजाबाद से हटा दिया गया था. ये एसएसपी पिछली बार भी थे और अब भी हैं. सुनने वाला कोई नहीं, लेकिन जनता सर्वोपरि हैं|
सुबह 9:00 बजे तक 3.97 फीसदी मतदान
रामपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सुबह 9:00 बजे तक 3.97 फीसदी मतदान हुआ है।
पुलिस मोहल्लों में जाकर कह रही कि वोट मत डालना
सपा नेता आजम खां ने कहा कि बर्बरता की जा रही है, लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है, पीटा जा रहा है। पुलिस मोहल्लों में जाकर कह रही कि वोट मत डालना। एक मोहल्ले में पुलिस ने इतना धमकाया कि लोगों ने घरों में ताला लगाकर पलायन किया। हर जगह कहा जा रहा कि वोट डालने मत जाना।
रामपुर विधानसभा सीट पर 10 प्रत्याशी मैदान में
रामपुर विधानसभा सीट पर 388994 मतदाता हैं, जबकि 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। सपा और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है। कांग्रेस और बसपा ने इस चुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतार रहे हैं और न ही किसी को समर्थन की घोषणा की है।
रामपुर सीट पर सपा नेता और पूर्व विधायक आजम खां ने समाजवादी पार्टी के करीबी असीम रजा मैदान में हैं। मैनपुरी और रामपुर सीट पर सपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। रामपुर में भाजपा ने आकाश सक्सेना को प्रत्याशी बनाया है।
7:05 AM · Dec 5, 2022: रामपुर उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू
रामपुर विधानसभा उपचुनाव चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है| रामपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतदान केंद्रों पर इस बार कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए है।
बीएसएफ, आरएएफ और पीएसी के जवान तैनात हैं। जिले की पुलिस मतदान केंद्रों के अंदर नहीं लगाई गई है। उसे जगह-जगह चेकिंग के लिए लगाया गया है। छठ जोनल मजिस्ट्रेट और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण का स्थिति का जायजा ले रहे हैं। हालांकि अभी किसी भी मतदान केंद्र पर मतदाता नजर नहीं आ रहे हैं। मतदान कर्मी भी खाली बैठे हैं। कुल 166 मतदान केंद्र हैं और इनमें 454 बूथ बनाए गए हैं।