रांची: आयकर विभाग ने शुक्रवार की सुबह-सुबह झारखंड के दो कांग्रेसी विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह और प्रदीप यादव से जुड़े ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई की। रांची में बेरमो से कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह और पौड़ैयाहाट से प्रदीप यादव के घर और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापा मारा गया। रांची, बोकारो गोड्डा में 9 जगहों पर छापे पड़े हैं। यह कार्रवाई कोयले से जुड़ा है।
बताया जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग की छापेमारी कुछ अन्य नेताओं व व्यवसायियों के यहां भी चल रही है। कोयला व्यवसायी अजय कुमार सिंह के घर पर भी ED की टीम ने दबिश दी। इसके अलावा रांची स्थित न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापेमारी चल रही है।
भाजपा की बात नहीं मानने पर रेड होगी- जयमंगल सिंह
केंद्रीय एजेंसी की छापेमारी पर कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि ,''यह आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है, मेरे बेरमो आवास और पटना आवास पर छापेमारी की जा रही है। जो नेता भाजपा की बात नहीं मानेंगे उनके यहां रेड किया जाएगा|
यह IT की रेड नहीं भाजपा की रेड है- सिंह
विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि ,'' यह IT की रेड नहीं भाजपा की रेड है, वे जो भी पूछ रहे हैं मैं उनका जवाब दे रहा हूं। सभी कांग्रेसी विधायकों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है|
बता दें कि, ED के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को समन भेजे जाने के बाद राज्य में राजनीति तेज है। आयकर की छापेमारी को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि ये बीजेपी की साजिश है। लगातार गैर बीजेपी शासित सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या बीजेपी के सारे नेता पाक साफ है। उनके खिलाफ कभी कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती है।
“अगर हमने गुनाह किया है तो पूछताछ क्यों....सीधा गिरफ़्तार करो”: ED के समन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की चुनौती
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवैध खनन में पूछताछ के लिए ED ने गुरुवार सुबह 11.30 बजे बुलाया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। उन्होंने जांच एजेंसी को सीधी चुनौती देते हुए कहा- अगर गुनाह किया है तो पूछताछ क्या करना? हिम्मत है तो गिरफ्तार करके दिखाओ। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार को दिल्ली से गिराने की साजिश हो रही है।
प्रवर्तन निदेशालय द्वारा अवैध खनन मामले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र की सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला करते हुए आज गुरुवार को कहा कि “अगर उनको लगता है कि इतना संगीन गुनाह है तो सीधा गिरफ़्तार कर लेना चाहिए। यह हमारे विपक्ष (BJP) का एक सुनियोजित षड्यंत्र है। मैं समझता हूं कि यह ED का समन नहीं बल्कि भाजपा के द्वारा उपयोग किया गया हथकंडा है| उन्होंने कहा कि ,''विपक्ष (भाजपा) के राजनैतिक षड्यंत्र को जवाब देने का समय आ गया है। झारखण्ड विरोधियों के हथकंडों को हम कभी कामयाब नहीं होने देंगे।