श्रावस्ती : उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में आज शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ है। थाना इकौना क्षेत्र के सोनरई गांव के निकट हाईवे पर इनोवा कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
ये सभी लोग लुधियाना (पंजाब) से इनोवा में सवार होकर अंतिम संस्कार में शामिल होने अपने गांव कर्मोहना दकाही थाना इकौना आ रहे थे। इकौना के सोनरई गांव के पास शनिवार की सुबह 6 बजे ये हादसा हो गया| दरअसल, कल शुक्रवार को थाना इकौना इलाके के कर्मोहना दकाही गांव में 70 वर्षीय भगौती प्रसाद की मौत की हो गई थी, जिसके बाद ये लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने आ रहे थे। इस भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं।
मरने वालों में थाना इकौना इलाके के कर्मोहना गांव के रहने वाले 30 वर्षीय हीरालाल उर्फ शैलेंद्र गुप्ता पुत्र बेकारु; 30 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र भगौती प्रसाद; 28 वर्षीय पुत्ती लाल उर्फ अर्जुन पुत्र भगौती; 9 वर्षीय वीरू उर्फ अमित पुत्र हीरालाल; 42 वर्षीय रामा देवी पत्नी रामफेरन (42) निवासी टेडवा थाना ललिया बलरामपुर और वाहन चालक हरीश कुमार पुत्र सोमनाथ (42) वर्ष निवासी अर्जुन कॉलोनी लुधियाना की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में, कर्मोहना गांव के रहने वाले ननके उर्फ सुशील कुमार पुत्र भगौती परसाद (35); सुरेश कुमार पुत्र भगौती प्रसाद (42); नीतू पत्नी हीरालाल (28), नीलम पत्नी मुकेश (25); बबलू पुत्र गोपाल (8; सरिता पत्नी बबलू (30); रूही पुत्री बबलू (9; काव्या उर्फ लाडो पुत्री बबलू (5) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया,'' आज थाना क्षेत्र इकौना में एक इनोवा गाड़ी की पेड़ से टक्कर हुई। पुलिस ने पहुंच कर गाड़ी को जेसीबी से बाहर निकाला। गाड़ी में 14 लोग सवार थे। ये लोग लुधियाना से आए थे। 6 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। 8 लोगों को बहराइच रेफर किया गया है। अग्रिम कार्रवाई जारी है|