लखनऊ: लखनऊ के थाना मोहनलालगंज क्षेत्र के देवरिया गांव में पड़ोसियों ने एक युवक को पीट पीटकर मार डाला| प्रेमिका के परिजनों ने शुक्रवार शाम को प्रेमी (युवक) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। प्रेमी प्रेमिका पर शादी करने का दबाव बना रहा था, जबकि प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज़ करके 4 नामजद आरोपियों में से एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है|
जानकारी के अनुसार रामकरण (मृतक) अपने पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से प्रेम करता था। युवक की शादी करीब 3 साल पहले हुई थी, जिसको लेकर युवक का अपनी पत्नी से झगङा भी होता था| विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई। जिसके बाद युवक की नजदीकियां पड़ोस में रहनी वाली युवती से और बढ़ गई।
प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने के बावजूद मृतक रामकरण युवती से बातचीत कर रहा था। शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती के परिजनों को जब इसका पता चला तो उन्होंने युवक के साथ मारपीट की। जिसके बाद रामकरण की मृत्यु हो गई।
डीसीपी साउथ लखनऊ विनीत जायसवाल ने बताया,''थाना मोहनलालगंज क्षेत्र के गांव देवरिया से पुलिस को सूचना मिली कि गांव के एक व्यक्ति रामकरण के साथ पड़ोसियों ने मारपीट की थी। जिसके बाद व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मामला दर्ज़ करके 4 नामजद आरोपियों में से एक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है|