श्रीनगर: नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को आरोप लगाया कि जिला विकास परिषद चुनाव में उनकी पार्टी के जीते हुए प्रत्याशी को जबरन हिरासत में रखा हुआ| उमर अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के जीते हुए प्रत्याशियों को अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है|
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि,''डीडीसी चुनावों का जिक्र करते हुए पीएम ने आज कहा कि लोकतंत्र की जीत हुई है लेकिन सरकार ने चुनाव लड़ने वालों को परेशान करना शुरू कर दिया है। उन्हें बिना किसी कारण के हिरासत में रखा जा रहा है|
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि,''डीडीसी के चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के दो वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया गया था। हमारी पार्टी की एक महिला जो शोपियां में चुनाव जीती थी, उन्हे 'अपनी पार्टी' में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। हमारे पास इसे साबित करने के लिए एक फोन रिकॉर्डिंग है|
NC के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि,''हमने चुनाव के बाद नहीं, चुनाव से पहले गठबंधन बनाया था। लोगों ने हमें ज्वाइंट वोट दिया। भाजपा का वोट शेयर हमारे मुकाबले ज़्यादा है, जिसकी एक वजह है उन्होंने हमसे ज़्यादा सीटें लड़ीं। सबसे ज़्यादा सीटें पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डिक्लेरेशन को मिली हैं|
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि,''हुकूमत के कुछ अफसरों ने नतीजे निकले के बाद गिरफ़्तारियां, धमकियां शुरू की हैं। मकसद सिर्फ यही है कि कश्मीर प्रोविज़न के जिन ज़िलों में रिजल्ट को तबदील कर सकते हैं और DDC चेयरमैन गुपकार अलायंस को छोड़कर दूसरी पार्टी का बना सकते हैं, वहां जोर-शोर से ये काम चल रहा है| लोकतंत्र, संस्थानों को बदनाम किया जा रहा है|