पुलवामा: जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आज सुबह सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ हो गई| इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया| पुलवामा में हुई मुठभेड़ में एक जवान की जान चली गई और एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया।
भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स ने बयान जारी कर कहा, 'पुलवामा में चल रहे एनकाउंटर में एक जवान की जान चली गई। AK के साथ ग्रेनेड और ऐसी बाकी चीजें बरामद की गईं। सर्च ऑपरेशन चल रहा है| मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया है।
अधिकारियों ने यहां बताया कि सुरक्षा बलों को पुलवामा के कामराजीपोरा गांव के एक बाग में आतंकवादियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में तड़के तलाश अभियान चलाया गया था|
अधिकारियों ने बताया कि इसी दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसके बाद बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की| इस मुठभेड़ में दो जवान घायल हो गए|उन्होंने बताया कि घायल जवानों को सेना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल एक जवान ने दम तोड़ दिया|