सुल्तानपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को अहंकारियों का गठबंधन बताया है।" सुल्तानपुर दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा, ''"जो बीजेपी के साथ है वो अहंकारी है, अहंकारियों का गठबंधन है।"
बीजेपी के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन 'INDIA' पर अखिलेश यादव ने कहा, "INDIA गठबंधन रहेगा, INDIA रहेगा, INDIA जीतेगा। INDIA के समर्थन में जनता आएगी। किसान, बुनकर, हर गरीब आदमी INDIA के साथ खड़ा दिखाई देगा। उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा सीटों वाला प्रदेश है, सबसे बुरी तरह भाजपा यही हारेगी।"
घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत पर अखिलेश यादव ने कहा, "हर वर्ग के लोगों ने जो समर्थन और विश्वास समाजवादी पार्टी के प्रति दिखाया है उसका परिणाम है कि समाजवादी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। हमें भरोसा है अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं पर कि संगठन को मजबूत करेंगे और बुनियादी सवालों को जनता के बीच लेकर जाएंगे।"
योगी सरकार पर हमला करते हुए अखिलेश यादव ने कहा,"ये कोई सरकार चल रही है। एक डॉक्टर की हत्या हो गई, उसके बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। बुलडोजर का स्टीयरिंग बीजेपी के हाथ में है, जब बीजेपी के लोग फसने लगते हैं तो बुलडोजर की चाभी खो जाती है।"