तिरुवनंतपुरम: केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन आज करिपुर का दौरा करेंगे। करिपुर में कल एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था| इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई।
केरल के कोझिकोड में करीपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान लैंडिंग करने के दौरान फिसल गया और खाई में गिर गया। दुबई से आ रहे इस विमान में पायलट और क्रू मेंबर समेत 190 यात्री सवार थे।
विमान में सवार यात्रियों में 128 पुरुष, 46 महिलाएं और 10 बच्चे थे। हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है और 123 लोग घायल हुए हैं। वहीं, 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की दुबई-कालीकट उड़ान (IX-1344) शुक्रवार की शाम 7.41 बजे लैंडिंग करते वक्त फिसल गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा बारिश की वजह से रनवे गीला होने के चलते हुआ। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मामले की विस्तृत जांच का आदेश दिया है।
फिसलने के बाद विमान करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। बता दें कि कोझिकोड का हवाई अड्डा भौगोलिक रूप से 'टेबल टॉप' है, मतलब हवाई पट्टी के इर्द-गिर्द खाई है। इसी कारण रनवे पर फिसलने के बाद विमान खाई में जा गिरा और दो टुकड़ों में बंट गया।
ताजा जानकारी के अनुसार बचाव अभियान पूरा हो गया है। घायलों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज और अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। भर्ती कराए गए सभी लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उधर, अमेरिका ने केरल में हुए इस हादसे से प्रभावित हुए सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।