नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: केरल में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। कोझिकोड एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त एयर इंडिया का विमान फिसल गया। प्लेन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और इसके दो हिस्से हो गए हैं। एअर इंडिया एक्सप्रेस AXB1344, बोइंग 737 दुबई से कालीकट आ रहा था। इस हादसे में पायलट और को-पायलट समेत 18 लोगों की मौत हो गई है।
"कोझीकोड में एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हुई है। घायलों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज और अन्य नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। भर्ती होने वालों को गंभीर चोटें लगी हैं"|स्थल पर बचाव अभियान पूरा हो गया है और घायलों को मलप्पुरम और कोझीकोड के अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है;
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने बयान में कहा,''एयर इंडिया की उड़ान (IX-1344) में 184 यात्री और 6 चालक दल सवार थे, लेकिन वर्तमान में हम यात्रियों के विवरण की पुष्टि कर रहे हैं। दुर्भाग्य से, पायलटों का निधन हो गया है और हम उनके दुःख में उनके परिवारों के संपर्क में हैं
जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की दुबई-कालीकट उड़ान (IX-1344) शुक्रवार की शाम 7.41 बजे लैंडिंग करते वक्त फिसल गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा बारिश की वजह से रनवे गीला होने के चलते हुआ। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मामले की विस्तृत जांच का आदेश दिया है।\दुबई से आ रहे इस विमान में पायलट और क्रू मेंबर समेत 190 यात्री सवार थे। विमान में सवार यात्रियों में 128 पुरुष, 46 महिलाएं और 10 बच्चे थे। हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है और 123 लोग घायल हुए हैं। वहीं, 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि एयर इंडिया, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के पेशेवरों की 2 टीम हादसे की जांच के लिए कोझिकोड जाएंगी। यह टीमें कोझिकोड के लिए 02.00 बजे और 05.00 बजे रवाना होंगी। बचाव अभियान अब पूरा हो गया है। शहर के विभिन्न अस्पतालों में घायलों का इलाज किया जा रहा है।
हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक आपात बैठक बुलाई है। राजीव गांधी भवन में हो रही इस बैठक में डीजीसीए के महानिदेशक के साथ मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारी मौजूद हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए कोझिकोड में हुए विमान हादसे को लेकर दुख जताया है। साथ ही बताया कि ये हेल्पलाइन नंबर हफ्ते के सातों दिन चौबीस घंटे खुले रहेंगे। ये नंबर हैं- 1800 118 797, +91 11 23012113, +91 11 23014104, +91 11 23017905, Fax: +91 11 23018158
दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ये नंबर हैं- 056 546 3903, 0543090572, 0543090572, 0543090575
इस विमान के पायलट कैप्टन दीपक वसंत साठे और कैप्टन अखिलेश कुमार थे। हादसे में दोनों पायलटों की भी मौत हो गई है। कैप्टन दीपक फाइटर पायलट थे और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र थे। वायु सेना अकादमी से स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्राप्त कैप्टन दीपक ने मिग विमानों को सबसे ज्यादा उड़ाया था।
इससे पहले,''एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार विमान में कुल 190 लोग सवार थे। एयरलाइन के अनुसार विमान में 174 यात्री, 10 नवजात, दो पायलट और चार केबिन क्रू मौजूद थे। लैंडिंग के समय आग लगने की कोई घटना नहीं हुई। बचाव कार्य किया जा रहा है और घायल यात्रियों को अस्पताल ले जाया जा रहा है
डीजीसीए से मिली जानकारी के अनुसार विमान ने रनवे संख्या 10 पर लैंडिंग की थी। जिसके बाद विमान फिसल गया और खाई में गिर गया। खाई में गिरने के बाद विमान के दो टुकड़े हो गए। डीजीसीए ने बताया कि लैंडिंग के समय भारी बारिश हो रही थी और दृश्यता 2000 मीटर थी। यह विमान वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से भारत आ रहा था।