अगरतला: त्रिपुरा समेत 3 राज्यों में चुनावों की घोषणा के बाद त्रिपुरा के मजलिसपुर में कांग्रेस की बाइक रैली पर हमला हो गया| यह हमला निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के महज करीब एक घंटे बाद हुई| इस हमले में त्रिपुरा कांग्रेस के प्रभारी डॉ. अजय कुमार समेत कांग्रेस के कई नेता व पार्टी कार्यकर्ता घायल हुए|
यह हमला मजलिसपुर निर्वाचन सीट के रानिरबाजार मोहनपुर क्षेत्र में हुई है| यहां बुधवार (18 जनवरी, 2023) को कांग्रेस की बाइक रैली के दौरान कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई| कांग्रेस ने कहा ये 'भाजपा समर्थित गुंडे' थे जिन्होंने हमला किया था। हमले में कांग्रेस के महासचिव अजय कुमार सहित पार्टी के 15 कार्यकर्ता और पदाधिकारी घायल हो गए।
कांग्रेस विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने बुधवार को कहा था'' पार्टी के कई घायल कार्यकर्ता अब भी रानिरबाजार पुलिस स्टेशन में हैं। उन्होंने कहा था कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण उन्हें अअस्पताल नहीं भेजा जा सका है|
कांग्रेस नेता सेवानिवृत्त विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने कहा,''इधर नॉर्थ-ईस्ट के तीन राज्यों में चुनावों की घोषणा हुई और उधर अगरतला के BJP MLA वाले मजलिसपुर में कांग्रेस की बाइक रैली में बाइक चला रहे कांग्रेस के प्रभारी और जाँबाज़ पूर्व IPS अधिकारी अजय कुमार के ऊपर ईंट पत्थरों से हमला हुआ. लोकतंत्र में ये ख़ूनी खेल बंद करो.
कांग्रेस नेता अविनाश पाण्डेय ने कहा,'त्रिपुरा में बाइक रैली के दौरान INC Tripura प्रभारी अजय कुमार जी पर भाजपाई गुंडों द्वारा हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करता हूँ । सभ्य समाज में ऐसी राजनीतिक हिंसा देश के लोकतंत्र के लिए ख़तरा है । ईश्वर से आपके शीघ्र स्वस्थ होने का कामना करता हुँ।
कांग्रेस के त्रिपुरा प्रभारी अजय कुमार ने ट्वीट किया,''विपक्षी नेताओं पर हमला; लोकतंत्र पर हमला; आजादी पर हमला; महिलाओं पर हमला;
कुर्सी की पेटी बांध लीजिए अब 'अच्छे दिन' नहीं 'सर्वोत्तम दिन' आने वाले हैं!
सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) ज्योतिष्मान दास चौधरी ने कहा, ‘‘रानीर बाजार थाना क्षेत्र में अज्ञात लोगों के एक समूह ने कांग्रेस की मोटरसाइकिल रैली पर हमला कर दिया, जिसमें 10 कार्यकर्ता घायल हो गए और उनमें से दो को जीबी पंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ’’ सहायक पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि अशांत क्षेत्रों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ कड़ी निगरानी की जा रही है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। इस घटना के सिलसिले में पुलिस में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
ये दर्शाता है भाजपा का टूलकिट
त्रिपुरा में कांग्रेस प्रभारी डॉ अजय कुमार पर आक्रमण के संदर्भ में कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा,“ ये दर्शाता है भाजपा का टूलकिट । मैं अभी अपनी प्रेस वार्ता में इन्हीं के टूल किट का हिस्सा बता रहा था कि कैसे आवाजों को दबाया जाता है और जब वो नहीं दबा सकते, क्योंकि त्रिपुरा की हालत हमारे डॉ. अजय कुमार, ज़रिता जी, ये सब लोग लगातार एक्सपोज कर रहे हैं वहाँ सरकार को। तो जब वो उनको चुप नहीं करा पाते, तो हिंसा का सहारा लेते हैं।
चुनाव आयोग क्यों मौन
पवन खेड़ा ने कहा,“चुनाव आयोग क्यों मौन है, ये अभी आपको जानना होगा, आपको भी पूछना चाहिए कि चुनाव आयोग मौन क्यों है? हमारी एक डेलिगेशन आज त्रिपुरा में चुनाव आयोग से वहाँ मिल रही है और यहाँ भी हम लोगों ने समय मांगा है, शायद आज या कल में जब हम चुनाव आयोग के पास जाएंगे, उनके दरवाजे पर दस्तक देंगे और हमारी बात वहाँ रखेंगे और आपसे भी साझा करेंगे। लेकिन ये चिंता का विषय है कि चुनाव घोषित होने के दिन लोकतंत्र पर पहला हमला किया जाता है। एक तरह से ये मैसेज दिया जा रहा है, संदेश दिया जा रहा है वोटर्स को कि जिसकी लाठी, उसकी भैंस। जिसकी लाठी, उसकी भैंस तो लोकतंत्र में चलता नहीं है, ना हम चलने देंगे, ना आप लोग चलने देंगे, ना चुनाव आयोग को चलने देना चाहिए।
त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होगा
चुनाव आयोग ने उत्तर-पूर्व के तीन राज्यों नागालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होगा जबकि नागालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इन तीनों ही राज्यों के परिणाम 2 मार्च को घोषित कर दिए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि इन तीनों ही राज्यों में 60-60 विधानसभा सीटें हैं। तीनों राज्यों में कुल वोटर्स की संख्या 62.8 लाख है। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 31.47 लाख है।