उन्नाव: उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना के 600 से कम एक्टिव केसों वाले जिलों में ढील दी है। हालांकि, नाइट कर्फ्यू अभी भी जारी है। लेकिन इस ढील का लोग गलत फायदा उठा रहे हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के उन्नाव का है, जहां बुधवार की रात अचलगंज थाना इलाके के एक समारोह में सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाईं गईं|
दरअसल देर रात तक डीजे की धुन पर बार-बालाओं का अश्लील डांस चलता रहा और इसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे| ग्रामीणों ने बार बालाओं के ठुमके को देखने के लिए जमकर कोरोना प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ाई गई| वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के मैकुआ खेड़ा गांव में लोगों ने डांस पार्टी के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन किया। मैकुआ खेड़ा गांव में रात भर जमकर डांस पार्टी हुई। इस डांस पार्टी में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हुई।
मैकुआखेड़ा गांव निवासी पवन कुमार यादव के घर बुधवार रात मांगलिक कार्यक्रम में डीजे बज रहा था, जिसमें लगभग एक सैकड़ा लोग मौजूद थे। कई लोग डीजे पर नृत्य भी कर रहे थे। जानकारी मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और डीजे को बंद कराया। पुलिस ने रात्रि कर्फ्यू में कोविड नियमों के उल्लंघन में 6 लोगों को हिरासत में ले लिया।
बीघापुर के सीओ ने बताया, "35-40 लोग डीजे पर कलाकारों का डांस देख रहे थे। 6 लोगों को गिरफ़्तार किया गया। 2 डीजे मशीनों को ज़ब्त किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।"