समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आज समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल ने पुलिस महानिदेशक श्री एच.सी. अवस्थी से भेंटकर भाजपा द्वारा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के उत्पीड़न तथा सत्ता का दुरुपयोग करते हुए समाजवादी पार्टी के समर्थित जिला पंचायत सदस्यों पर फर्जी मुकदमें लगाए जाने के विरोध में ज्ञापन दिया।
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल में सर्वश्री राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री/एमएलसी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल एमएलसी, अरविन्द कुमार सिंह एमएलसी, उदयवीर सिंह एमएलसी तथा डॉ0 राजपाल कश्यप एमएलसी शामिल थे।
समाजवादी पार्टी की सरकार में निर्मित सिग्नेचर बिल्डिंग के नवम तल पर डीजीपी को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। समाजवादी नेताओं ने मांग की है कि प्रशासनिक उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाए और इस तरह के कृत्यों में शामिल अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए।
ज्ञापन में औरैया, मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, हरदोई में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पंचायत सदस्यों के उत्पीड़न और पंचायत सदस्यों पर गैंगस्टर लगाने की साजिश के बारे में भी जानकारी दी गई है।
डीजीपी को दिए गए ज्ञापन में समाजवादी पार्टी ने कहा,'' उत्तर प्रदेश में विगत चार वर्षों में भाजपा ने सत्ता का घोर दुरूपयोग किया है। भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों से लोकतंत्र खतरे में है। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओ को फर्जी मुकदमों में फंसाया जाता रहा है। उनका उत्पीड़न और अत्याचार हो रहा है। इधर जब से जिला पंचायतों के चुनाव में भाजपा बुरी तरह से चुनाव हारी है तब से समाजवादी पार्टी के नेताओं,कार्यकर्ताओं और समर्थित जिला पंचायत सदस्यों को फर्जी मुकद्मों में फंसाया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी ने कहा,''औरैया,मैनपुरी,फिरोजाबाद,एटा आदि जनपदों में जिला पंचायत सदस्यों के विरूद्ध निराधार आरोप लगाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। मैनपुरी में जिला पंचायत सदस्यों पर गैंगस्टर लगाने की साजिश की जा रही है। हापुड़,सिद्धार्थनगर,महराजगंज और हरदोई सहित अन्य जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जिला पंचायत सदस्यों का उत्पीड़न हो रहा है। प्रदेश में काननू व्यवस्था ध्वस्त हो गयी। अपराधियों के हौसले बढ़ गये है। महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनायें शर्मनाक हैं।
औरैया में समाजवादी पार्टी के नेता जिला पंचायत सदस्य श्री अवनेश खटिक के घर पहुंच कर राजस्व विभाग की टीम ने अभद्र व्यवहार किया। राजनीतिक द्वेष के चलते फर्जी मुकदमों में फंसाने के साथ समाजवादी पार्टी के नेता का मकान तोड़ने की भी धमकी दी गई है। उनके मार्केट को कोर्ट के स्टे के बावजूद तोड़ा जाना अन्याय है। एटा में श्री जोगेन्द्र सिंह के विरूद्ध दो-दो फर्जी केस लगाये गये हैं। फिरोजाबाद में भाजपा सरकार के इशारे पर जिला पंचायत सदस्य श्री झब्बू यादव के दो ईट भट्ठों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से पानी की बौछार की गई।
पार्टी ने कहा,''''समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल की मांग है कि प्रशासनिक उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाये तथा इस तरह के कृत्य में जो अधिकारी लिप्त पाये जाये उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाये।