देहरादून: उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज उत्तराखंड में पार्टी के चुनावी कैंपेन की शुरुआत की। राहुल गांधी देहरादून के परेड ग्राउंड में हुई विजय सम्मान रैली में पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर शब्द बाण चलाए। साथ ही उन्होंने 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में शहीद हुए देश के जवानों को भी याद किया। रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत और सैन्य अधिकारियों को याद किया|
देहरादून में 'विजय सम्मान रैली' को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि,''मेरे परिवार और उत्तराखंड का रिश्ता है, मुझे 31 अक्तूबर का वो दिन याद आया जब मेरी दादी देश के लिए शहीद हुई। फिर मुझे 21 मई याद आया, जिस दिन मेरे पिता देश के लिए शहीद हुए। मेरा और आपका कुर्बानी का रिश्ता है| जो कुर्बानी उत्तराखंड के हजारों परिवारों ने दी है, वही कुर्बानी मेरे परिवार ने दी है। यहाँ जो लोग खड़े हैं, जिन्होंने अपना खून खोया है, अपना खून दिया है, वो इस रिश्ते को अच्छी तरह समझेंगे|
जो सेना में हैं, उन परिवारों को ये बात गहराई से समझ आएगी। अपने पिता को खोना, भाई को खोना; आप लोग जानते हो, समझते हो| मगर जिस परिवार ने ऐसी कुर्बानी नहीं दी, जिस व्यक्ति ने ऐसी कुर्बानी नहीं दी; उनको ये बात कभी समझ नहीं आ सकती| आप कहते हैं कि हमारे लोग बॉर्डर पर खड़े होते हैं, सेना में, एयरफोर्स में, नेवी में होते हैं। आपको ये दूसरे तरीके से बोलना चाहिए, आपको कहना चाहिए कि उत्तराखंड ने हिंदुस्तान को सबसे ज्यादा अपना खून दिया है और देता रहेगा|
13 दिन में पाकिस्तान ने अपना सिर झुका दिया
राहुल गांधी ने कहा,''1971 के भारत-पाक युद्ध में सिर्फ 13 दिन में पाकिस्तान ने सिर झुका दिया। आमतौर पर युद्ध 6 महीने, 1 साल, 2-3 साल चलता है। अमेरिका ने अफगानिस्तान को हराने में 20 साल लगा दिए, लेकिन हिंदुस्तान ने पाकिस्तान को सिर्फ 13 दिन में हरा दिया| उस समय लाखों परिवारों ने अपने घर से सोना सरकार को दिया। भाइयों-बहनों अगर उस समय देश बंटा होता, अगर हमारे लोग एक-दूसरे से लड़ रहे होते, तो 13 दिन में जीत नहीं हो सकती थी| जब हिंदुस्तान एक साथ खड़ा होता है, एक आवाज से बोलता है तो अमेरिका की सेवंथ फ्लीट घूम कर वापस चली जाती है। इस देश के सामने कोई खड़ा नहीं हो सकता, अगर ये देश एकजुट होकर एक साथ खड़ा होकर बोलता है|
पूरी की पूरी सरकार 2-3 पूंजीपतियों के लिए चलाई जा रही है
राहुल गांधी ने कहा कि,''आज देश को बांटा जा रहा है, देश को कमजोर किया जा रहा है। कमजोर लोगों को मारा जा रहा है और पूरी की पूरी सरकार 2-3 पूंजीपतियों के लिए चलाई जा रही है| तीन काले कृषि कानून किसानों के खिलाफ लाए गए, किसानों की मदद के लिए नहीं बल्कि उनको खत्म करने के लिए लाए गए। पूरे देश के किसान एक साथ खड़े हुए, पीछे नहीं हटे। एक साल बाद प्रधानमंत्री हाथ जोड़कर कहते हैं कि मुझसे गलती हो गई, माफी मांगता हूं|
फिर माफी मांगने के बाद जो 700 किसान शहीद हुए, उनके बारे में बीजेपी के नेता कहते हैं कि कोई शहीद नहीं हुआ। पंजाब की सरकार ने 400 किसानों को मुआवजा दिया, मैंने संसद में लिस्ट निकाल कर रख दी कि इन किसानों के परिजनों को मुआवजा दीजिए| राहुल गांधी ने कहा कि,'',यह गलती नहीं थी, यह साजिश थी। दो उद्योगपतियों के लिए काम किया जा रहा था, किसान की आमदनी, मेहनत की कमाई को छीना जा रहा था| कांग्रेस पार्टी खड़ी हुई, किसान खड़े हुए, बाकी विपक्ष के लोग खड़े हुए। इसलिए प्रधानमंत्री ने माफी मांगी|
नोटबंदी और जीएसटी पूंजीपतियों के हथियार हैं, नरेंद्र मोदी जी उन हथियारों के कार्यान्वयनकर्ता
नोटबंदी की गई, उसके बाद गलत जीएसटी, उसके बाद कोरोना के समय हिंदुस्तान के सबसे बड़े उद्योगपतियों का टैक्स माफ किया; मगर मजदूरों को बस या ट्रेन का टिकट तक भी नहीं दिया गया| वह चाहे नोटबंदी हो, चाहे वो गलत जीएसटी हो, चाहे कोरोना में सरकार के फैसले हों,' ये तीनों काम हिंदुस्तान के छोटे बिजनेस, मिडिल साइज बिजनेस, किसान हैं, मजदूर हैं; इन पर हिंदुस्तान के 2-3 बड़े पूंजीपतियों का आक्रमण है| यहाँ से लोगों का पलायन होता है, क्योंकि उत्तराखंड में रोजगार नहीं है। क्यों नहीं है, इसका कारण है कि जो आपको रोजगार दे सकते हैं, छोटे बिजनेस वाले, मिडिल साइज बिजनेस वाले, दुकानदार; उनको नरेंद्र मोदी की सरकार ने नष्ट कर दिया है|
नोटबंदी और जीएसटी पूंजीपतियों के हथियार हैं। नरेंद्र मोदी जी उन हथियारों के कार्यान्वयनकर्ता हैं। आप देख लेना जब तक दिल्ली से बीजेपी की सरकार नहीं हटेगी, इस देश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता| पेट्रोल-डीज़ल का दाम बढ़ता जाएगा, छोटे व स्मॉल साइज बिजनेस बंद होते जाएंगे। एयरपोर्ट्स, पोर्ट, सड़क, माइन्स; सबका सब उन्हीं 3-4 उद्योगपतियों के हाथ में जाता जाएगा| ये देश युवाओं को रोजगार नहीं दे पाएगा।
इंदिरा गांधी जी ने देश के लिए 32 गोली खाईं, आज जिस महिला ने देश के लिए 32 गोली खाई, उनका नाम तक नहीं है
राहुल गांधी ने कहा कि,'' एक तरफ आप देश को बांटते हो और दूसरी तरफ जो देश की आर्थिक शक्ति है, उसको आप नष्ट करते हो| ये कांग्रेस पार्टी में और बीजेपी में फर्क है। हम आपकी कुर्बानी समझते हैं, पहचानते हैं। जो आपने सहा है, हमने सहा|
अपनी दादी और पूर्व पीएम स्वर्गीय इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि,''''मैं वो दिन नहीं भूल सकता, जब मुझे स्कूल में बताया गया कि इंदिरा गांधी को 32 गोलियां लगी हैं। वैसे ही उत्तराखंड में हजारों परिवार हैं, जिनके घर में फोन आया कि पापा शहीद हो गए हैं, चाचा शहीद हो गए हैं। आपके और मेरे बीच में कुर्बानी का रिश्ता है|
आज दिल्ली में बांग्लादेश लिबरेशन पर कार्यक्रम हुआ है, उस कार्यक्रम में इंदिरा गांधी जी का नाम तक नहीं है। जिस महिला ने देश के लिए 32 गोली खाई, उनका नाम तक नहीं है। क्योंकि ये सरकार सच्चाई से डर??ी है|
सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी
राहुल गांधी ने कहा कि,'आपके सामने सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी की है, आपके लोग पलायन करते हैं, बाकी प्रदेशों में जाते हैं। आपकी दूसरी कठिनाई महंगाई है| आपकी जेब में से जो पैसा निकल रहा है, वो हिंदुस्तान के सबसे बड़े अरबपतियों की जेब में जा रहा है। क्योंकि वो 2-3 अरबपति नरेंद्र मोदी जी की मार्केटिंग करते हैं| जब तक केंद्र से बीजेपी की सरकार नहीं हटेगी, तब तक इस देश के युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा| ये देश अपने युवाओं को रोजगार नहीं दे पाएगा|