वर्धा: महाराष्ट्र के तिरोरा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक विजय रहांगदाले के बेटे आविष्कार रहांगदाले सहित 7 मेडिकल छात्रों की सोमवार (24 जनवरी) रात करीब 11.30 बजे सेलसुरा के पास एक पुल से कार गिरने से मौत हो गई। यह हादसा वर्धा के सेलसुरा के पास हुआ है| भाजपा विधायक विजय रहांगदाले के बेटे सहित कार में सवार सात मेडिकल छात्रों की इस हादसे में मौत हो गई।| सावंगी के मेडिकल कॉलेज के ये छात्र देवली से वर्धा जा रहे थे|
ये सभी छात्र जाइलो कार में सवार थे| कार तेज रफ्तार से रेलिंग से टकरा कर गई, जिसके बाद वह पुल से नीचे गिर गई| ये छात्र एक का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे| इस मामले में ड्रंक एंड ड्राइव का शक है| हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग और प्रशासन टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हुई कार से शवों को बाहर निकाला|
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के सेलसुरा के पास दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की|
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के सेलसुरा के निकट एक दुर्घटना में हुये जानी नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने प्रभावितों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष से अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है।
श्रृंखलाबद्ध ट्वीट में प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा हैः
“महाराष्ट्र में सेलसुरा के निकट हुई दुर्घटना में होने वाले जानी नुकसान पर दुख है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनायें उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुये हैं, वे शीघ्र स्वस्थ हों|
प्रधानमंत्री ने सेलसुरा के निकट हुई दुर्घटना के प्रत्येक मृतक के निकटस्थ सम्बंधियों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष से दो-दो लाख रुपये दिये जाने की घोषणा की है। जो घायल हुये हैं, उन्हें 50-50 हजार रुपये दिये जायेंगे।”
कार दुर्घटना में शामिल मेडिकल छात्र:
1. नीरज चौहान (एमबीबीएस फाइनल पार्ट 1)
2. आविष्कार रहंगदाले (एमबीबीएस 1)
3. नितेश सिंह (इंटर्न एमबीबीएस)
4. विवेक नंदनी (अंतिम भाग 1 एमबीबीएस)
5. प्रत्युष सिंह (एमबीबीएस फाइनल पार्ट 2)
6. शुभम जायसवाल (एमबीबीएस फाइनल पार्ट 2)
7. पवन शक्ति (एमबीबीएस 1)