कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम विधानसभा के चुनावी नतीजे को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी है| आज यानी गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में विधानसभा चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया, जहां भाजपा के सुवेंदु अधिकारी विजयी हुए। कल मामले की सुनवाई करेगी कोर्ट|
राज्य में तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने वाली ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को चुनाव में भले ही 200 से ज्यादा सीटें मिली हों लेकिन वो खुद अपना चुनाव हार गई थीं| ममता बनर्जी लगातार नंदीग्राम के चुनावी नतीजे को लेकर आरोप लगाती रही हैं|
2 मई को चुनावी नतीजे आने के बाद ममता बनर्जी ने कहा था कि नंदीग्राम की जनता के फैसले को वे स्वीकार करती हैं| लेकिन मतगणना के दौरान गड़बड़ी किए जाने के मसले को लेकर वे कोर्ट जाएंगी, क्योंकि उनके पास जानकारी है कि चुनाव नतीजों के एलान के बाद कुछ मैनिपुलेशंस किए गए, जिसका वे खुलासा करेंगी| दरअसल,'' पहले ममता बनर्जी को जीत घोषित कर दिया गया था, फिर अचानक अधिकारी को जीत घोषित कर दिया गया|माना जा रहा था कि ममता इसे लेकर कोर्ट का रुख कर सकती हैं|
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था,''उन्हें(बीजेपी) 50 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं करना चाहिए था, ये(बीजेपी का 77 सीट जीतना) चुनाव आयोग के योगदान की वजह से है|
ममता बनर्जी ने कहा था,''मुझे एक व्यक्ति का SMS मिला जिसमें नंदीग्राम के रिटर्निंग ऑफिसर ने किसी को लिखा कि अगर वह दोबारा काउंटिग की अनुमति देता है तो उसका जीवन खतरे में पड़ जाएगा। चार घंटे तक सर्वर डाउन रहा, राज्यपाल ने भी मुझे जीत की बधाई दी। अचानक सब कुछ बदल गया|
बता दें कि,'' प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को टक्कर देने उनकी ही पार्टी के पूर्व नेता सुवेंदु अधिकारी मैदान में थे। कड़े मुकाबले के बाद सुवेंदु अधिकारी ने 1957 वोट से अपनी सीट बचा ली। इससे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 1200 वोट से जीतने की खबरें चल रहीं थीं।नंदीग्राम में विधानसभा सीट पर मुकाबला बेहद रोचक रहा|
आखिरी राउंड तक सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प बना रहा। कभी ममता बनर्जी बढ़त बना ले रहीं थीं, तो कभी सुवेंदु अधिकारी आगे निकल जा रहे थे। अंत में 1200 वोटों से ममता बनर्जी के जीतने की खबरें चलने लगी। सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी को बधाई देने वालों का तांता लग गया। इसके कुछ घंटे बाद बाजी एक बार फिर पलट गई। फिर पता लगा शाम 6:30 बजे सुवेंदु अधिकारी ने 1957 वोटों से बढ़त बना ली। इसके बाद बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी आरिज आफताब ने घोषणा की कि नंदीग्राम से भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी 1957 मतों से विजयी हुए हैं।