हुगली: पश्चिम बंगाल में हुगली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,''यह साबित करता है कि पश्चिम बंगाल की TMC बंगाल के गरीबों, जरूरतमंदों और महिलाओं की परवाह नहीं करती है। आज यही राजनीति, बंगाल में लोगों को मां दुर्गा की पूजा से रोकती है, उनके विसर्जन से रोकती है। बंगाल के लोग, वोटबैंक की राजनीति के लिए अपनी संस्कृति का अपमान करने वाले ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेंगे।आज मैं बंगाल के लोगों को ये विश्वास दिलाता हूं, जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी तो हर बंगाल वासी अपनी संस्कृति का गौरवगान कर सकेगा। कोई उसे डरा नहीं पाएगा, दबा नहीं पाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,''भाजपा उस सोनार बांग्ला के निर्माण के लिए काम करेगी, जिसमें यहां का इतिहास, यहां की संस्कृति दिनों दिन और मजबूत होगी। ऐसा बंगाल, जहां आस्था, आध्यात्म और उद्यम, सबका सम्मान होगा।ऐसा बंगाल, जहां विकास सभी का होगा, तुष्टिकरण किसी का नहीं होगा। ऐसा बंगाल, जो टोलाबाज़ी से मुक्त होगा, रोजगार और स्वरोज़गार युक्त होगा। मां-माटी-मानुष की बात करने वाले लोग, बंगाल के विकास के सामने दीवार बनकर खड़े हो गए हैं। केंद्र सरकार किसानों और गरीबों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में जमा करती है।
PM मोदी ने कहा,''जबकि बंगाल केंद्र सरकार की योजनाओं का पैसा TMC के टोलाबाज़ों की सहमति के बिना गरीब तक पहुंच ही नहीं पाता।बंगाल के लाखों किसान परिवारों को पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा इसी मानसिकता के कारण नहीं मिल पाया है। उनके हक को यहां की सरकार में बैठे हुए लोगों ने छीन लिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ''आज पश्चिम बंगाल अपने तेज विकास के संकल्प को सिद्ध करने के लिए एक बड़ा कदम उठा रहा है|पिछली बार में आपको गैस कनेक्टिविटी का इंफ्रास्ट्रक्चर का उपहार देने आया था। आज रेल और मेट्रो कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाले महत्वपूर्ण काम शूरू हो रहे हैं। थोडी देर में हुगली, पश्चिम बंगाल की रेल और मेट्रो कनेक्टिविटी के कई प्रोजेकट का शिलान्यास और लोकार्पण होने वाला है|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,''अब रेलवे को लेकर पश्चिम बंगाल में संभावनाओं के नए द्वार खुल रहे हैं। पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का बड़ा लाभ पश्चिम बंगाल को होने वाला है। इसका एक हिस्सा चालू भी हो चुका है, बहुत जल्द पूरा कॉरिडोर खुल जाएगा। जिससे बंगाल में भी उद्योगों के लिए अवसर बनेंगे| इसी तरह जो विशेष किसान रेल शुरू की गई है, उसका लाभ आज पश्चिम बंगाल के छोटे किसानों को बहुत तेजी से मिलना शुरू हो रहा है। अभी हाल ही में 100वीं किसान रेल महाराष्ट्र के संगोला से पश्चिम बंगाल के शालीमार तक चलाई गई|
PM मोदी ने कहा,'हमारे देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का काम दशकों पहले हो जाना चाहिए था लेकिन हुआ नहीं। अब हमें देर नहीं करनी है। अब हमें एक पल भी रुकना नहीं है। इसलिए अब देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान दिया जा रहा है। निवेश किया जा रहा है|
PM मोदी ने कहा,वो वंदे मातरम जिसने आजादी की लड़ाई में नए प्राण फूंके, हमारे क्रांतिवीरों को नई ताकत दी, मातृभूमि को सुजलाम्-सुफलाम् बनाने के लिए प्रेरित किया। 'वंदे मातरम', सिर्फ इन दो शब्दों ने, गुलामी की निराशा में जी रहे देश को नई चेतना से भर दिया।जितनी भी सरकारें पश्चिम बंगाल में रहीं, उन्होंने इस ऐतिहासिक क्षेत्र को अपने ही हाल में छोड़ दिया, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर को, यहां की धरोहर को बेहाल होने दिया गया। वंदे मातरम भवन जहां बंकिमचंद जी 5 साल रहे, कहते हैं वो तो बहुत बुरे हाल में है।
ऐसे अमर गान की रचना करने वाले के स्थान को न संभाल पाना, बंगाल के, गौरव के साथ बहुत बड़ा अन्याय है। इस अन्याय के पीछे बहुत बड़ी राजनीति है। ये वो राजनीति है जो देशभक्ति के बजाय वोटबैंक, सबका विकास के बजाय तुष्टिकरण को बल देती है। मुझे हैरानी है कि इतने वर्षों में जितनी सरकारें यहां रही हैं, उन्होंने इस पूरे क्षेत्र को अपने हाल पर छोड़ दिया। यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और धरोहर को बेहाल होने दिया गया।