कराची: कराची में पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर आतंकी हमला | पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर सोमवार सुबह आतंकियों ने हमला कर दिया।पाकिस्तान मीडिया के अनुसार, गोलीबारी और ग्रेनेड हमले में एक पुलिस अफसर समेत कम से कम 5 नागरिकों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए हैं। चार आतंकी मारे गए हैं| इमारत से लोगों को निकाला जा रहा है|
जियो न्यूज चैनल के मुताबिक, चार आतंकी मारे गए हैं जबकि पांच अन्य लोगों की भी मौत हुई है| इमारत से लोगों को निकाला जा रहा है|पुलिस और रेंजर्स की टीम मौके पर मौजूद है। वहां से लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक एनकाउंटर जारी है।
बताया गया है कि इस हमले को चार आतंकवादियों ने अंजाम दिया है।पुलिस ने कहा है कि इमारत के प्रवेश द्वार पर दो लोग आए और उन्होंने अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर हैंड ग्रेनेड फेंक दिया।
हमले के तुरंत बाद, पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षाकर्मी इमारत को खाली करवा रहे हैं। बम निरोधक दस्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गया है। बताया गया है कि कुछ लोग अभी भी इमारत में फंसे हुए हैं, जिन तक अभी सुरक्षाकर्मी पहुंच नहीं पाए हैं। वहीं, कुछ लोगों ने अपने दफ्तरों में खुद को बंद कर लिया है।अधिकारियों ने बताया है कि घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। सिटी एसएसपी का कहना है कि इस हमले को चार आतंकवादियों ने अंजाम दिया है और उन्हें मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है।