आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा के रूनकता इलाके में मिट्टी धसने से 3 बच्चों की मौत हो गई। आगरा में बृहस्पतिवार को थाना सिकंदरा के रुनकता गांव में एक तालाब की खुदाई के दौरान मिट्टी की ढांग (मिट्टी की ढेर) ढहने से उसमें कई बच्चे दब गये| पुलिस-प्रशासन द्वारा चलाये गए बचाव अभियान में 7-8 बच्चों को निकाला गया है और उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
एसडीएम सुमित सिंह ने बताया, "7 बच्चे खेलते हुए मिट्टी में दब गए, रेस्क्यू टीम ने उन्हें बचाया और अस्पताल पहुंचाया। 3 बच्चों की मौत की सूचना है।"हादसे की जानकारी होने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी| हादसे की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू कराया| थाना सिकंदरा के निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि जेसीबी मशीन से बचाव कार्य कराया जा रहा है जिसमें आठ बच्चों को निकाल लिया गया है|
अरविंद कुमार ने बताया कि इन बच्चों को बेहोशी की हालत में तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया गया| उन्होंने बताया कि इनमें से कई बच्चों की हालत चिंताजनक है| उन्होंने कहा कि अभी और बच्चों के दबे होने की आशंका के चलते बचाव कार्य जारी है|
आगरा की किरावली तहसील के गांव रूनकता में मिट्टी धसने से बच्चों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है| मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया,''CM योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा की किरावली तहसील के तहत ग्राम रूनकता में मिट्टी की ढाय गिरने की दुर्घटना में बच्चों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री जी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री जी ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।