आजमगढ़: आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के बांसगांव में शुक्रवार की शाम बड़ा बवाल हो गया। ग्राम प्रधान को घर से बुलाकर हमलावरों ने गोलियों से छलनी कर दिया। इस घटना के बाद बवाल इस कदर बढ़ा कि गांव से बोंगरिया बाजार तक पहुंच गया, जहां एक बालक की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई। उसके बाद आक्रोशित भीड़ ने पुलिस चौकी के सामने खड़ी कई गाडिय़ों को आग के हवाले कर दिया। एसपी सिटी समेत कई थानों की फोर्स पहुंचने के बावजूद पुलिस दोनों शवों को कब्जे में नहीं ले सकी थी।
बांसगांव निवासी सत्यमेव जयते उर्फ पप्पू (42) पुत्र रामसुख राम गांव के प्रधान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा के तहत गांव में कुछ दिन पूर्व खोदवाए गए पोखरे को लेकर ग्राम प्रधान का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने किसी को भेजकर ग्राम प्रधान को गांव के श्रीकृष्ण पीजी कालेज के पीछे स्थित पोखरे पर बुलाया। वह जब पोखरे पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया। सरेशाम हुई हत्या से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कथित हमलावरों के घर को घेर लिया।
तरवां इंस्पेक्टर मंजय सिंह को शव उठाने से भी ग्रामीणों ने रोक दिया। एसपी सिटी पंकज पांडेय ने हालात संभालने को बल प्रयोग करना चाहा तो ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया।
इस दौरान पुलिस को हवाई फायङ्क्षरग करनी पड़ गई, लेकिन बेकाबू भीड़ ने पुलिस के वाहन को क्षतिग्रस्त करने के साथ बोंगरिया बाजार पहुंचकर चक्का जमा कर दिया। उसी दौरान एक 11 वर्षीय बालक की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई। इसके बाद तो भीड़ ने पुलिस चौकी बोंगरिया के सामने खड़े कई वाहनों को फूंक डाला। उधर एसपी सिटी ने कई थानों की फोर्स बुला ली। मृत ग्राम प्रधान तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके एक पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ था।
बता दे कि इससे पहले आजमगढ़ में गुरुुवार की शाम देवगांव कोतवाली के नाऊपुर घोड़सहना गांव में पिता और पुत्र की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई|हीरालाल यादव अपने पड़ोसी ग्राम प्रधान के घर पर पार्टी कर रहा था| इस दौरान प्रधान के बेटे की तरफ से हीरालाल के ऊपर ताबड़तोड़ गोली चलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया| बचाव में दौड़े बेटे को भी गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई|
गुरुवार को लाल बहादुर यादव ने अपने घर पार्टी रखी और इसमें हीरालाल यादव को आमंत्रित किया| हीरालाल अपने पुत्र तेज यादव के साथ प्रधान पुत्र की पार्टी में शामिल हुआ| बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान लाल बहादुर यादव, हीरालाल यादव पर चुनाव से हटने का दबाव बनाने लगा| इसी बीच कहासुनी हो गई| बात बढ़ी और इसी दौरान लाल बहादुर यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर हीरालाल और उसके पुत्र तेज बहादुर पर फायरिंग झोंक दिया| हमले में हीरालाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया|उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लालगंज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई|
पिता और पुत्र की हत्या के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए| उन्होंने रात को जमकर हंगामा काटा और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया|सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पीएसी बल को भी बुलाया गया|गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है|
पुलिस अधीक्षक प्रोफेसर त्रिवेणी सिंह ने बताया कि प्रधान पुत्र लालब हादुर यादव के घर पार्टी थी| पार्टी में लाल बहादुर यादव ने हिस्ट्रीशीटर हीरालाल यादव उर्फ मिठाई यादव को भी आमंत्रित किया था| हीरालाल यादव अपने पुत्र के साथ पार्टी में शामिल हुआ| इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में आपस में कहासुनी हुई| इस दौरान लालबहादुर ने अपने साथियों के साथ हीरालाल यादव और उसके पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी| पुलिस की टीमें हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं|