बस्ती : महिलाओं के मंगलसूत्र छीनने वाला गिरोह बेनकाब
बस्ती: मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान में बस्ती पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना लालगंज और थाना मुण्डेरवा पुलिस ने एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र व लॉकेट छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस संयुक्त कार्रवाई में एक बाल अपचारी सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गिरोह का सरगना बालकेश पुत्र रूदल समेत पांच साथी और दो सोनार शामिल हैं, जो छीने गए आभूषण खरीदते थे। पुलिस ने इनके पास से चार मंगलसूत्र/लॉकेट, दो नाजायज चाकू और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह राह चलती महिलाओं को आसान शिकार मानता था और झपट्टा मारकर उनके गले से लॉकेट छीन लेता था। बाद में इन्हें सोनार की दुकानों पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने बस्ती व संतकबीरनगर में कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
इस बड़ी सफलता में थाना लालगंज के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार और कुदरहा चौकी इंचार्ज महेश कुमार शर्मा की अहम भूमिका रही। उनकी रणनीति और सक्रियता से ही गिरोह पुलिस की पकड़ में आया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है और अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।
Powered by Froala Editor
