लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर जारी है| उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 23,333 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 34,636 लोग डिस्चार्ज हुए और 296 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। 296 लोगों की मृत्यु के बाद राज्य में इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15464 हो गई। उत्तर प्रदेश में COVID19 के 2,33,981 सक्रिय मामले है|
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया,''30 मई को उत्तर प्रदेश में कुल 3,10,000 सक्रिय मामले थे जो आज घटकर 2,33,000 तक आ गए हैं। प्रदेश में 8 दिन के अंदर 77,000 सक्रिय मामले कम हुए हैं। 24 अप्रैल को प्रदेश में सबसे अधिक 38,000 पॉजिटिव मामले आए थे, आज 23,000 मामले आए हैं| कल सोमवार से प्रदेश के 11 और जिलों में हम लोग 18-44 साल के लोगों का वैक्सीनेशन कार्यक्रम शुरू करने जा रहे हैं|
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने बताया,'पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से 296 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। कल प्रदेश में 2,29,186 सैंपल की जांच की गई। संक्रमण के बाद कुल 12,54,045 व्यक्ति संक्रमण मुक्त हो चुके हैं| अब तक 1,09,37,928 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज़ दी गई है। 27,84,232 लोगों को दूसरी डोज़ दी जा चुकी है। 18 साल से ज्यादा उम्र वाले लोगों का वैक्सीनेशन शुरू हो चुका है। कल से यह कार्यक्रम 18 जिलों में विस्तारित किया जाएगा|
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव (सूचना) नवनीत सहगल ने बताया,प्रदेश सरकार द्वारा कल सुबह 7 बजे तक जो आंशिक कर्फ्यू लगाया था उस कर्फ्यू को बढ़ाकर अब 17 मई सुबह 7 बजे तक कर दिया गया है। पिछले 8 दिनों में प्रदेश में सक्रिय मामलों में 77,000 से अधिक की कमी आई है। प्रदेश में ऑक्सीजन की सप्लाई बढ़ाई जा रही है| प्रदेश में गेहूं का क्रय निरंतर किया जा रहा है। अब तक 199 लाख क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। यह गेहूं 3,88,000 किसानों से खरीदा गया है|