Basti:चारागाह भूमि विवाद को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
बस्ती। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम बगही उर्फ बेनीपुर में चारागाह भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। कथित अनियमितताओं के विरोध में ग्रामीणों ने संबंधित भूमि पर लेटकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सार्वजनिक उपयोग की चारागाह भूमि को अभिलेखों में परिवर्तन कर निजी नामों पर दर्ज किए जाने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि यह भूमि वर्षों से ग्रामीणों के पशुओं के चरने के लिए उपयोग में आती रही है और इसे निजी कब्जे में देने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि विपेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ लोग भूमि पर कब्जा करने पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी की गई है। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाए तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने गाटा संख्या 510 को पुनः चारागाह के रूप में दर्ज करने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि यह भूमि ग्राम समाज की संपत्ति है और इसका उपयोग सार्वजनिक हित में होना चाहिए।
उधर, एसडीएम सदर हिमांशु कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। राजस्व अभिलेखों और अन्य तथ्यों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Powered by Froala Editor
