भोपाल:मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग कोविड पॉजिटिव पाए गए। मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विश्वास सारंग ने कहा-मेरी दूसरी COVID19 टेस्ट रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। पहली टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद से ही मैं होम आइसोलेशन में हूं।ट्वीट कर उन्होंने इसकी जानकारी दी।
विश्वास सारंग ने ट्वीट किया,आज मेरी दूसरी COVID-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। प्रथम टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव होने के बाद से ही मैं होम आइसोलेशन में हूँ। आप सबसे अनुरोध है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं आप सभी COVID19 टेस्ट करा लें।
इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री और विधायक भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। सीएम शिवराज को फिलहाल अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वह सात दिनों के लिए होम आइसोलेशन में हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा- 'मेरे शरीर में कोरोना के एंटीबॉडीज डेवलप हो गए होंगे, मैं प्लाज्मा डोनेट करूंगा।'
शिवराज सिंह और विश्वास सारंग के अलावा मंत्री अरविंद भदौरिया, तुलसी सिलावट, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी, धार विधायक नीना वर्मा, जावद से विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, जबलपुर से विधायक लखन घनघोरिया, सिरमौर से विधायक दिव्यराज सिंह और टीकमगढ़ के विधायक राकेश के नाम शामिल हैं जो कोरोना पॉजिटव पाए गए हैं।