भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर उनके कैबिनेट मंत्रियों तक कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं |जिसके बाद मध्य प्रदेश सरकार ने 14 अगस्त तक मंत्रियों के दौरे पर और सांसदों और विधायकों के सार्वजनिक समारोह और कार्यक्रम पर रोक लगा दी है|
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया,''माननीय मुख्यमंत्री ने तय किया है कि राज्य में 14 अगस्त तक किसी भी मंत्री का कोई दौरा, किसी भी सांसद और विधायक का सार्वजनिक समारोह और कार्यक्रम नहीं होगा। जरूरी बैठकें वर्चुअल माध्यमों द्वारा की जाएंगी|
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा हैं कि,'' COVID19 संकट के कारण प्राइवेट स्कूल छात्रों से ट्यूशन फीस के अलावा अन्य फीस नहीं लेंगे। शिक्षा विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि यदि माता-पिता फीस देने में सक्षम नहीं हैं, तो उनके बच्चे का नाम किसी भी परिस्थिति में स्कूल से नहीं हटाया जाए|
बता दें कि, शिवराज सिंह चौहान के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वी. डी. शर्मा कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं|उनका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव निकला है| मंगलवार को बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे|बताया जा रहा है कि प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष वी. डी. शर्मा ने अपना कोरोना टेस्ट करवाया था|
इसके साथ ही मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री रामखेलावन पटेल समेत कई अन्य नेता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं|