संतकबीर नगर जिले के भुजैनी गांव में चोरों ने 29 मई को 12 घंटे के भीतर दो सनसनीखेज चोरियां कर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली खलीलाबाद के कांटे चौकी क्षेत्र में हुई इन घटनाओं ने ग्रामीणों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
पहली घटना 29 मई को सुबह हुई, जब भुजैनी के डिहुलिया टोला निवासी राकेश पटेल अपनी मां को इलाज के लिए बस्ती के महदेवा अस्पताल ले गए थे। घर ताला बंद था। मौसम खराब होने के कारण वह देर से लौटे। शाम को घर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने 31 हजार रुपये नकद और लाखों के जेवर, जिनमें चार लाकेट, दो झुमके, दो बाली, एक जोड़ी पायल, दो चांदी की मालाएं और एक करधन शामिल हैं, चुरा लिए। डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दूसरी घटना उसी रात को हुई, जब भुजैनी चौराहे पर अभिषेक त्रिपाठी की दरवाजे के बाहर खड़ी बाइक अज्ञात चोर चुरा ले गए। बाइक कोल्हुआ लकड़ा निवासी सुनील पांडेय के नाम पर पंजीकृत थी। सुबह बाइक गायब होने की सूचना अभिषेक ने कांटे चौकी को दी। कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में तहरीर मिली है और जांच के बाद मुकदमा दर्ज होगा।
इन घटनाओं से इलाके में चोरों के बढ़ते हौसले उजागर हुए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा में भारी चूक है। लोगों ने मांग की है कि गश्त बढ़ाई जाए और चोरों को जल्द पकड़ा जाए।