चमोली: उत्तराखंड के चमोली में बुधवार (19 July, 2023) को बड़ा हादसा हुआ है। नमामि गंगे के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के पास करंट फैल गया है। करंट लगने से 16 लोगों की मौत हो गई है। वहीँ करंट लगने से झुलसे लोगों को पहले जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां से उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया।
चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने कहा कि ,''चमोली हादसे में 16 लोगों की मृत्यु हुई है, 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। 5 लोग सामान्य घायल हैं, उनका भी इलाज चल रहा है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी|
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली घटना में मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपए की राहत राशि अविलंब प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
धामी ने ट्वीट में कहा,''चमोली में करंट लगने से कई लोगों के हताहत होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के चमोली में हुई विद्युत दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और बताया कि राज्य सरकार के तहत स्थानीय प्रशासन पीड़ित व्यक्तियों को हर संभव राहत सहायता प्रदान कर रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा;
“अत्यंत पीड़ादायक! उत्तराखंड के चमोली में हुए हादसे से बहुत दुख हुआ है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना प्रकट करने के साथ ही सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ,'उत्तराखंड के चमोली में करंट लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मैंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात कर घटना की जानकारी ली। प्रशासन घायलों को उपचार पहुँचाने में जुटा है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ|
चमोली हादसे पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी दुख जताया है| प्रियंका गांधी ने कहा कि,''चमोली, उत्तराखंड में हुए हादसे में कई लोगों की मृत्यु का समाचार पाकर मन को अत्यंत दुख पहुंचा। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान दें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करती हूं।