चंडीगढ़: हरियाणा के अगले सीएम प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष नायब सिंह सैनी होंगे। मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए मुख्यमंत्री होंगे। सैनी मंगलवार शाम 5 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे| कुरूक्षेत्र से सांसद और ओबीसी समुदाय के चेहरे, नायब सिंह सैनी को पिछले साल अक्टूबर में हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी (बीजेपी-जेजेपी) गठबंधन में दरार के बीच, मंगलवार को मनोहर लाल खट्टर के पद छोड़ने के बाद सैनी को भाजपा के विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया था।
भाजपा सांसद नायब सैनी ने हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया|
हरियाणा में टूटा बीजेपी-जेजेपी गठबंधन: मनोहर लाल खट्टर ने सीएम पद से दिया इस्तीफा
लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के सत्तारूढ़ गठबंधन में दरार के बाद मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। खट्टर कैबिनेट में सीएम और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जेजेपी के तीन सदस्यों सहित 14 मंत्री शामिल थे और सभी ने इस्तीफा दे दिया है।
वर्तमान में, 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 41 विधायक हैं, जबकि जेजेपी के 10 विधायक हैं। भाजपा गठबंधन को सात में से छह निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के पास 30 विधायक हैं और इंडियन नेशनल लोकदल तथा हरियाणा लोकहित पार्टी के पास एक-एक सीट है।
खट्टर के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा था, ''हरियाणा में जो कुछ भी हो रहा है, वह इसलिए हो रहा है क्योंकि जनता ने बदलाव लाने का फैसला किया है. जनता राज्य में मौजूदा सरकार से परेशान थी. हम घटनाक्रम पर कड़ी नजर रख रहे हैं.'' ।"