चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने आठ साल पुराने मामले में कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को गुरुवार को गिरफ़्तार किया है| पंजाब पुलिस ने कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा को एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज 2015 के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया है। जलालाबाद पुलिस डीएसपी अछरू राम के नेतृत्व में एक टीम ने खैरा को गुरुवार तड़के छह बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-5 स्थित उनके आवास से गिरफ़्तार किया| जब पुलिस पहुंची तो सुखपाल सिंह खैरा के बेटे एडवोकेट महताब सिंह खैरा ने पूरी गिरफ़्तारी को फ़ेसबुक पर लाइव कर दिया|
एडवोकेट महताब सिंह खैरा ने लिखा कि "मेरे पिता सुखपाल सिंह खैरा को पंजाब के मुख्यमंत्री के आदेश पर आठ साल पुराने ड्रग्स मामले में पंजाब पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है| यह वही मामला है जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था|
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिन्दर सिंह राजा वारिंग ने कहा, "पंजाब कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा की हालिया गिरफ्तारी से राजनीतिक प्रतिशोध की बू आती है, यह विपक्ष को डराने की कोशिश है और मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की AAP पंजाब सरकार की चाल है।" पंजाब कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी विधायक सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी के संबंध में आज शाम 6 बजे पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की|
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी के मामले में पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात के बाद पंजाब के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, "पंजाब पुलिस चंडीगढ़ में प्रवेश नहीं कर सकती क्योंकि यह केंद्र शासित प्रदेश (UT) है... मुझे यकीन है कि उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस से अनुमति नहीं ली है। वे जबरन उनके घर में घुस गए। हमने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि अगर यह साबित हो जाता है कि पंजाब पुलिस के अधिकारी UT पुलिस को सूचित किए बिना प्रवेश कर गए तो उनके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया जाना चाहिए... वे कांग्रेस पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं क्योंकि पंजाब में AAP की कांग्रेस प्राथमिक प्रतिद्वंद्वी है ... | हम खैरा से मिलेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें जल्द से जल्द जमानत मिले, हम कल बठिंडा में एक बड़ा धरना आयोजित कर रहे हैं।"
कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा, "मैं इस गिरफ्तारी की निंदा करता हूं, पंजाब पुलिस ने जो कदम उठाया है यह जंगल राज है क्योंकि इसमें कोई तथ्य नहीं है....उनके परिवार कह रहे है कि खैरा के साथ ये लोग कुछ भी कर सकते हैं। आज सुबह मेरे पास कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का फोन आया और कहा कि हम खैरा के साथ हैं और मुझे खैरा के लिए लड़ने को कहा|
AAP सांसद सुशील गुप्ता ने कहा, "कानून अपना रास्ता लेगा। सर्वविदित है कि सुखपाल खैरा जी नशे के कारोबार में लिप्त थे पहले की सरकारों से उन्हें संरक्षण मिलता रहा। अब उचित न्यायिक जांच होगी।"