दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के देवरान गांव में एक दलित परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई| जबकि फायरिंग में 2 अन्य घायल हो गए है| मंगलवार (25 अक्टूबर की) सुबह देवरान गांव में आधा दर्जन लोगों ने दलित परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग दी, जिससे पति- पत्नी और बेटे की मौत हो गई| जबकि दो अन्य बेटे हमले में घायल हो गए है| घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी जगदीश पटेल सहित चार आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है| देवरान गांव में पुलिसकर्मी तैनात हैं।
दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के देवरान गांव में मंगलवार सुबह महिला संबंधी किसी बात को लेकर जगदीश पटेल परिवार और अहीरवाल परिवार के बीच झगड़ा हो गया| इस विवाद में जगदीश पटेल परिवार के छह लोगों ने बंदूक से अहीरवाल परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग दी, जिसमें तीन लोग मारे गए। दो गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायरिंग में 60 वर्षीय घमंडी पुत्र बुद्ध अहिरवाल, 58 वर्षीय रामप्यारी पत्नी घमंडी अहिरवाल और 32 वर्षीय मानक लाल पुत्र घमंडी अहिरवाल की मौके पर ही मौत हो गई| जबकि 30 वर्षीय महेश पुत्र घमंडी अहिरवाल और 28 वर्षीय बबलू पुत्र घमंडी अहिरवाल गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है|
देहात थाना पुलिस ने अहीरवाल के परिवार पर गोलियां चलाने वाले मनीष पटेल, जगदीश पटेल, सौरभ पटेल, शुभम पटेल, घनश्याम पटेल और कोडु पटेल पर SC/ST Act के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है| घटना के बाद से सभी फरार हो गये थे। पुलिस ने मंगलवार शाम तक जगदीश पटेल सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया|
शेष आरोपियों की तलाश जारी : पुलिस अधीक्षक
दमोह के पुलिस अधीक्षक डॉ. टेनिवार ने बताया, "कल अनुसूचित जाति वर्ग के 3 सदस्यों की हत्या हुई। हमने प्रकरण पंजीकृत कर 4 आरोपियों को कल ही गिरफ़्तार कर लिया। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। शासन के प्रावधान के अनुसार मृतकों के परिजनों को राहत राशि देने की कार्रवाई भी की जा रही है|
जगदीश पटेल और घमंडी अहिरवार के परिवारों में महिलाओं को लेकर किसी बात पर कहासुनी हो गई
पुलिस अधीक्षक डॉ. टेनिवार ने बताया, "जगदीश पटेल और घमंडी अहिरवार के परिवारों में महिलाओं को लेकर किसी बात पर कहासुनी हो गई। जगदीश के परिवार ने अहिरवार परिवार पर गोलियां चलाईं, जहां घमंडी अहिरवार, उनके बेटे और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका एक अन्य बेटा घायल हो गया। इस मामले में अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। इस मामले में अब तक छह आरोपी हैं |
MP में भी दलित/आदिवासी समाज पर अत्याचार लगातार जारी :मायावती
देवरान हत्याकांड को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने कहा ,''मध्यप्रदेश में भी दलित व आदिवासी समाज पर अत्याचार लगातार जारी। मंगलवार को दमोह जिले के देवराँन में दबंगों ने दलित परिवार पर अन्धाधुन्ध फायरिंग की और फिर पत्थर से कुचलकर तीन लोगों की हत्या कर दी। बाकी घायलों ने भागकर जान बचाई। इस हृदयविदारक घटना की जितनी निन्दा की जाए वह कम।
सरकार ऐसे आपराधिक तत्वों के विरुद्ध नरमी नहीं बल्कि सख्त कार्रवाई करे:मायावती
मायावती ने कहा , यह अंधकार युग जैसी ताजा घटना मध्यप्रदेश बीजेपी सरकार में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ गरीबों, दलितों, आदिवासियों व महिलाओं आदि की सुरक्षा के मामले में सरकारी विफलता की पोल खोलती है। सरकार ऐसे आपराधिक तत्वों के विरुद्ध नरमी नहीं बल्कि सख्त कार्रवाई करे, बीएसपी की यह माँग।