नैनीताल: नैनीताल जिले की रामनगर विधानसभा सीट (Ramnagar Assembly Seat) से चुनाव लड़ने पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा,'' रामनगर मेरे लिए गुरु स्थल है यही से मैंने राजनीति सीखी और जो कुछ सीखा उसके आधार पर मैं रामनगर और इससे सटे हुए क्षेत्र के लिए कुछ बेहतर कर सकूं। हम रोजगार देने वाली और महंगाई पर नियंत्रण करने वाली सरकार बनाएंगे|
कांग्रेस ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Polls 2022) के लिए सोमवार को 11 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का नाम भी शामिल है| पार्टी की ओर से जारी इस सूची के अनुसार, रावत को नैनीताल जिले की रामनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है| रामनगर सीट का प्रतिनिधित्व राज्य बनने के बाद 2002 में पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता नारायण दत्त तिवारी भी कर चुके हैं|
पार्टी की दूसरी सूची में हरीश रावत के बाद दूसरा प्रमुख नाम अनुकृति रावत का है जो पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रवधू हैं| अनुकृति को गढ़वाल जिले की लैंसडाउन विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है|
कांग्रेस ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 53 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधायक दल के नेता प्रीतम सिंह के नाम शामिल थे|