नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली और देश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देने के साथ ही राजधानी के अभिभावकों को भी आश्वस्त कर दिया कि जब तक कोरोना महामारी का खात्मा नहीं होता यहां के स्कूल नहीं खुलेंगे।
दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज का दिन उन सभी शहीदों को याद करने का है जिन्होंने अपने देश को आज़ाद कराने के लिए अपनी जान की कुर्बानी दी, जिन्होंने देश को आज़ाद कराने के लिए पूरी ज़िंदगी तपस्या की|
केजरीवाल ने कहा कि,'मैं उन सभी कोरोना वारियर्स का शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगो की सेवा की। आप लोगो ने बहुत पुण्य का काम किया है। मैं आप सभी को नमन करता हूँ|
केजरीवाल ने कहा कि दिल्लीवासियों ने पिछले कुछ सालों में बड़े-बड़े काम करके दिखाए हैं, हमने मिलकर डेंगू को हराया, प्रदूषण कम करके दिखाया और अब हम कोरोना को कंट्रोल करने में सक्षम हो रहे हैं। दिल्ली के 2 करोड़ लोगों के मज़बूत इरादे तारीफ़ के काबिल हैं।हमारे कोरोना योद्धा अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा कर रहे हैं, हमारा कर्तव्य बनता है कि हम उनका और उनके परिवार का ध्यान रखें।