नई दिल्ली: दिल्ली में वायु प्रदूषण खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। दिल्ली की हवा 'बेहद' जहरीली हो गई है। दिल्ली -एनसीआर के लोग कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं से जुझ रहे हैं। दिल्ली में वायु प्रदूषण पर भाजपा और आम आदमी पार्टी एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच आज शनिवार को भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जर्मनी का तानाशाह हिटलर बताया।
भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एडोल्फ हिटलर के रूप में चित्रित कर भाजपा कार्यालय के बाहर पोस्टर और होर्डिंग लगाया। बग्गा ने कहा, "केजरीवाल ने दिल्ली को गैस चैंबर में बदल दिया। लोग प्रदूषण से मर रहे हैं लेकिन वह राजनीतिक पर्यटन पर हैं,"
तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कहा कि, “उनकी तुलना हिटलर से इसलिए की क्योंकि दुनिया में ये दूसरा उदाहरण है जब किसी नेता ने अपने ही राज्य को गैस चैंबर में बदल दिया। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है कि दिल्ली गैस चैंबर में बदल गई है। दिल्ली की जनता प्रदूषण से मर रही है लेकिन अरविंद केजरीवाल राजनीतिक दौरे पर हैं|
बीजेपी सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि, “हवा में जहर घोलकर निर्दोष लोगों की जान से खेल रहा है,अगर केजरीवाल जी दिल्ली के हवा आपके अनुसार साफ है,तो Air purifier वाले कमरे से बाहर निकल कर,जरा सड़कों पर आओ सभी विधायक मंत्री,महसूस करो लोग जहर को किस तरह अपने फेफड़ों में भर रहे है।शुद्ध हवा के लिए तरस रहे हैं।
बता दें कि,''राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है। आज शनिवार सुबह, सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार दिल्ली में AQI 431 (गंभीर) श्रेणी में है, एयरपोर्ट (T3) क्षेत्र में AQI 453 (गंभीर) श्रेणी में, गुरुग्राम में AQI 478(गंभीर) श्रेणी में और नोएडा में AQI 529 (गंभीर) श्रेणी में है।
शनिवार की सुबह एक छात्रा ने बताया, "प्रदूषण की वजह से खांसी और आंखों में जलन होती है। दिल्ली के प्रदूषित होने की वजह से अभी बाहर जाना और खेलना भी बंद किया है।"