नई दिल्ली: Delhi MCD Election 2022: दिल्ली में आज शुक्रवार शाम को दिल्ली नगर निगम चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव 4 दिसंबर को होंगे, जबकि वोटों की गिनती 7 दिसंबर को होगी, इसकी घोषणा शुक्रवार को दिल्ली के राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने की।
दिल्ली राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने बताया कि दिल्ली में चार दिसंबर को मतदान होंगे और सात दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने बताया कि,''दिल्ली में परिसीमन प्रक्रिया जरूरी थी, ये लंबी प्रक्रिया है। हमने समय सीमा में परिसीमन प्रक्रिया को पूरा किया। मतदान केंद्रों की फिर से रूपरेखा तैयार की गई। दिल्ली नगर निगम के तहत 68 निर्वाचन क्षेत्र हैं, जिनमें 250 वार्ड निर्धारित किए गए हैं| '
राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि,''42 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रहेंगी, जिनमें से 21 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। अन्य सीटें में से 104 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी|