नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली की मंडोली जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने दावा किया है कि उसने जेल में बंद आम आदमी पार्टी के मंत्री सत्येंद्र जैन को प्रोटेक्शन मनी के नाम पर 10 करोड़ और DG जेल संदीप गोयल को 12.50 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी के तौर पर दिए। साथ ही कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर ने यह भी दावा किया है कि, वह सत्येंद्र जैन को 2015 से जानता है और उसने आम आदमी पार्टी को 50 करोड़ रुपये दिए हैं| बता दें कि सत्येंद्र जैन खुद मनी लान्ड्रिंग के आरोपों के चलते दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं।
कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर ने मंडोली जेल से दिल्ली के LG को पत्र लिखा जिसमें सत्येंद्र जैन और DG जेल पर धमकी-दबाव का आरोप लगाया है। पत्र में कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर के वकील द्वारा पुष्टि की गई है कि उन्होंने दावा किया कि वे (कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर) सत्येंद्र जैन को 2015 से जानते हैं और उन्हें जबरदस्ती 10 करोड़ रुपये संरक्षण राशि और 12.50 करोड़ रुपये DG जेल को देने के लिए मजबूर किया गया था।
वहीं, सुकेश का यह भी कहना है कि उसने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है। इसके साथ-साथ महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने सत्येंद्र जैन पर जेल महानिदेशक के जरिये याचिका वापस लेने का दबाव बनाने के साथ प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।
सुकेश का कहना है कि, '2017 में मेरी गिरफ्तारी के बाद मुझे तिहाड़ जेल में बंद कर दिया गया और मिस्टर सत्येंद्र जैन कई बार मिलने आए, जिनके पास जेल मंत्री का पोर्टफोलियो था। 2019 में दोबारा जैन आए और उनके सेक्रेट्री ने मुझसे प्रोटेक्शन मनी के नाम पर हर महीने 2 करोड़ रुपये देने को कहा। इसके बदले में मुझे जेल के भीतर सुविधाएं देने की बात कही गई।' सुकेश ने यह भी कहा है कि उसने दक्षिण भारत में आम आदमी पार्टी में एक अहम पद दिये जाने के वादे के बाद 50 करोड़ रुपये दिये थे।