गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में गन प्वाइंट पर रेप का मामला सामने आया है। गोपालगंज जिले के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली में नाबालिग लड़की से बंदूक की नोंक पर रेप किया गया है| रेप के बाद रात भर पीड़िता मोहम्मदपुर थाना से लेकर सिधवलिया पीएचसी तक मेडिकल और न्याय की गुहार लगाती रही। लेकिन पुलिस ने उसका बयान दर्ज नहीं किया। और उसे अकेले ही मेडिकल के लिए सदर अस्पताल में जाने को बोल दिया।
पीड़ित डांसर सदर अस्पताल में कई घंटे तक इधर-उधर भटकती रही। बाद में एसपी की पहल पर पीड़िता को महिला थाना में बुलाया गया।गोपालगंज के एसपी आनंद कुमार ने कहा, "एफआईआर दर्ज कर ली गई है और हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
SP गोपालगंज आनंद कुमार ने बताया, "मोहम्मदपुर थाने में मामला दर्ज़ किया गया जिसमें रेप का आरोप लगाया गया था, मुख्य आरोपी को गिरफ़्तार करके जेल भेजा गया है| आगे की जांच जारी है।"
रेप की ये घटना मोहम्मदपुर के जोधन मोड़ की है| नाबालिग पीड़िता के मुताबिक वह मोहम्मदपुर के ज्योति आर्केस्ट्रा ग्रुप में डांस का काम करती है| शनिवार की रात उसके ग्रुप को डांस का कार्यक्रम करने के लिए मोहम्मदपुर के जोधन मोड़ के पास भेजा गया था| इस दौरान युवती के साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया|
पीड़िता के मुताबिक, कार्यक्रम के बाद ऑर्केस्टा संचालक ने उसे और एक अन्य डांसर को छोड़ने के लिए एक दबंग युवक के साथ बाइक से भेज दिया। पीड़िता ने बताया कि गांव से निकलने के बाद थोड़ी दूरी पर दबंग युवक ने पिस्तौल निकाल ली और नाबालिग डांसर को खेत में ले जाकर जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। दोनों युवती बार-बार छोड़ने की गुहार लगाती रही। लेकिन दबंग आरोपी ने उनकी नहीं सुनी।
दुष्कर्म की वारदात के बाद पीड़िता को धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गया| बाद में पीड़िता रात को घटनास्थल से पैदल आर्केस्ट्रा संचालक के घर पहुंची। वहां से जब आर्केस्ट्रा संचालक से उसे मदद नहीं मिली तो दोनों डांसर रात को ही मोहम्मदपुर थाना में पहुंची। वहां पर ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मी ने उन्हें सुबह मेडिकल कराने के बाद थाना में आने को कहते हुए भगा दिया। फिर पीड़िता सदर अस्पताल पहुंची और मेडिकल के लिए इधर -उधर भटकती रही थी।
पीड़िता के मुताबिक वह वेस्ट बंगाल के दमदम इलाके की है| वह आर्केस्ट्रा के काम करके अपने पढ़ाई कर रही है| पीड़िता के मुताबिक आरोपी युवक जोधन मोड़ का ही रहने वाला है और उसने साजिश के तहत आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम बुलाया था और उसके बाद उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया| बहरहाल आरोपी को गिरफ़्तार करके जेल भेजा गया है| आगे की जांच जारी है।"