गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से इस वक्त एक बहुत बड़ी खबर आ रही है। गोरखपुर के झंगहा के नई बाजार पुलिस चौकी में आगजनी| गोरखपुर के ब्रह्मपुर ब्लॉक में मतगणना के बाद जीत का गलत प्रमाण पत्र बांटने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। नाराज लोगों ने नई बाजार पुलिस चौकी पर हमला बोल दिया। इतना ही नहीं गुस्साई भीड़ ने वहां रखी कुर्सियों को तोड़ते हुए परिसर में खड़ी बाइकों में आग लगा दी। वहीं पीएसी की गाड़ी भी फूंक दी है। इस घटना के लिए 2 प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया गया है। खबरों के अनुसार हारे प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण देने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुर ब्लॉक के जिला पंचायत के वार्ड नंबर 60 व 61 में जिला पंचायत सदस्य का प्रमाण पत्र देने में धांधली के आरोप पर बवाल शुरू हुआ। बुधवार शाम सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने यह आरोप लगाते हुए ब्लॉक मुख्यालय और सड़क पर जाम लगा दिया।ग्रामीणों का आरोप था कि जिला पंचायत के वार्ड नंबर 60 से रविप्रताप निषाद और 61 से कोदई निषाद जीते थे लेकिन उन दोनों को जीत का प्रमाण पत्र न देकर हारे हुए गोपाल यादव और रमेश को दे दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप था कि धांधली करके दो वार्ड के लोगों को हरा दिया गया है। आरोप था कि प्रशासन ने हारे हुए लोगों को जीत का प्रमाण पत्र दे दिया। ग्रामीणों ने डीएम को मौके पर बुलाने और वास्तव में जीत हासिल करने वाले को प्रमाण पत्र देने की मांग की।ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम और बवाल की सूचना पर चौरीचौरा के एसडीएम पवन कुमार, सीओ कुलदीप तिवारी, प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी, झंगहा थानेदार संजय कुमार मिश्रा, बरही, गोबडौर व नई बाजार की चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीण वहां से चलकर शाम चार बजे नई बाजार चौराहे पर आ गए। उन्होंने चौराहे से लेकर नई बाजार पुलिस चौकी तक जाम लगा दिया। इसी बीच एक एटीएम में पैसा डालने वाली गाड़ी पहुंची तो ग्रामीणों ने उस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में गाड़ी का शीशा टूट गया। इसके बाद एटीएम कैश वैन को वहां से भागना पड़ा। भीड़ ने नई बाजार पुलिस चौकी में घुसकर आग लगा दी। पुलिस चौकी में मौजूद कुछ पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। सूचना पर रामगढ़ताल पुलिस, पिपराइच, खोराबार सहित कई थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।