हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में STF ने 500 और 1000 रुपये (Demonitized 500-1000 Rupee Notes) के पुराने नोटों के साथ 7 लोगों को गिरफ्तार किया है| पकड़ा गया कैश करीब साढ़े चार करोड़ रुपये बताया जा रहा है| पकड़े गए लोगों में 3 यूपी और 4 उत्तराखंड के रहने वाले हैं| पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और नोटों की गिनती का काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि नोटों की यह खेप बदलने के लिए लाई जा रही थी।
आरोपियों की पहचान रूपेश वालिया निवासी जगजीतपुर, यशवीर सिंह निवासी हरिपुर कला, अरविंद वर्मा निव???सी ग्राम काला कुआं अमरोहा कोतवाली अमरोहा, आबिद अली ग्राम सैदपुर नौगांव सादात अमरोहा, सोमपाल सिंह रेलवे स्टेशन रोड बिलारी मुरादाबाद, विकास गुप्ता निवासी खेड़ी खुर्द श्यामपुर ऋषिकेश, राजेंद्र निवासी शास्त्री स्टेशन रोड बिलारी जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है.
एसटीएफ प्रभारी निरीक्षक अबुल कलाम ने बताया कि आरोपी रुपेश वालिया की गाड़ी से यह खेप बरामद की गई है। यह खेप कुछ लोग लेने आए थे, जिसके बाद यह डील होनी थी। इस बात की जानकारी रिर्जव बैंक ऑफ इंडिया को भी दी गई है। उनके अधिकारी भी मामले में पूछताछ करेंगे।
बताया जा रहा कि पांच करोड की पुरानी करेंसी के एवज में एक करोड़ की नई करेंसी मिलनी थी| पुलिस के मुताबिक ये लोग आरबीआई के किसी अधिकारी से साठ-गांठकर पैसा एक्सचेंज करते थे और करेंसी बदलवाने के एवज में इन्हें कमीशन मिलना था|
हरिद्वार सिटी के एसपी स्वतंत्र कुमार ने कहा,''STF के द्वारा 500 और 1000 के पुराने नोटों के साथ 7 लोगों (रुपेश वालिया, यशवीर सिंह, अरविंद वर्मा, आबिद अली, सोमपाल सिंह, विकास गुप्ता और राजेंद्र) को गिरफ़्तार किया गया है। कुल 4.47 करोड़ रुपए हैं। इनका उद्देश्य क्या था, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। जो जानकारी मिलेगी उसे आयकर एवं अन्य विभागों से साझा किया जाएगा|