फतेहाबाद: भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत किसानों की रिहाई की मांग को लेकर शनिवार रात धरने पर बैठ गए। हरियाणा में किसान नेता राकेश टिकैत सहित किसानों का टोहाना पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी है। वे कल रात यहां हरियाणा की खट्टर सरकार में सहयोगी के जेजेपी के विधायक देवेंद्र सिंह बबली की विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में और गिरफ्तार किए गए किसानों के रिहाई की मांग को लेकर इकट्ठे हुए थे।
बीकेयू नेता राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी और संयुक्त किसान मोर्चा के नेता योगेंद्र यादव के नेतृत्व में सहित सैकड़ों की संख्या में किसान यहां धरने पर बैठे हैं।जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) विधायक देवेंद्र सिंह बबली की विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में और गिरफ्तार किए गए किसानों के रिहाई की मांग को लेकर इकट्ठा हुए थे। इसके मद्देनजर थाने पर भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई है।
किसानों का आरोप है कि टोहाना विधायक देवेंद्र सिंह बबली ने 1 जून को किसानों के साथ झगड़े के दौरान अभद्र और अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया था। इसके बाद में किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद कई गिरफ्तारियां हुईं। हालांकि विवाद बढ़ते देख अब विधायक बबली ने किसानों के खिलाफ अनुचित शब्द कहने के लिए खेद प्रकट किया है।
रविवार को किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा,''विधायक ने कहा है कि वो किसानों के खिलाफ केस वापस ले लेगा, उसने माफी भी मांगी है। पुलिस क्यों नहीं छोड़ रही है और क्या केस लगाना चाहती है। आप हमको भी जेल भेज दो या उनको रिहा करो। किसान यहां से हारकर नहीं जाएगा, या तो जेल जाएगा या वे भी बाहर आएंगे|
आज रविवार को जेजेपी विधायक देवेंद्र सिंह बबली ने कहा,''1 जून को कुछ लोगों ने मुझ पर हमला कर दिया था। हमला करने वाले अपने आपको किसान बता रहे थे लेकिन मेरा मानना है कि वो किसान नहीं हो सकते। वहां ऐसे हालात पैदा हुए कि मेरे मुंह से कुछ अपशब्द निकल गए जिसके लिए मैंने खेद प्रकट किया| देवेंद्र सिंह बबली ने कहा,'आज कुछ किसान वहां थाना घेराव करके बैठे हैं, मेरी आज पुलिस के अधिकारियों और मुख्यमंत्री से बात हुई है जल्द ही इस मामले का भी समाधान निकलेगा|