नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) का कहर पिछले कुछ दिनों में कम होता दिखाई दे रहा है| नए मामलों के साथ मृतकों की संख्या में भी कमी आई है| भारत में पिछले 24 घंटे यानी एक दिन में 20,000 नए COVID-19 केस दर्ज किए गए हैं|गुरुवार के मुकाबले आज रिपोर्ट किए गए मरीजों की संख्या में कमी आई है। कल संक्रमण के 21,822 नए मामले सामने आए थे। वहीं, संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या बढ़कर 98 लाख के पार पहुंच गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक,'भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 20,036 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,02,86,710 हुई। 256 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,48,994 हुई। देश में सक्रिय मामलों की संख्या अब 2,54,254 और कुल रिकवरी की संख्या 98,83,461 है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार,भारत में कल (31 दिसंबर) तक कोरोना वायरस के लिए कुल 17,31,11,694 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 10,62,420 सैंपल कल टेस्ट किए गए|
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 2,54,254 है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। देश में कोविड-19 के मामलों में मृत्यु दर 1.44 प्रतिशत है, वहीं राष्ट्रीय स्तर पर मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 95.82 प्रतिशत हो गई है।
भारत में कोविड-19 मामलों की संख्या सात अगस्त को 20 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी, जबकि 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी। संक्रमित लोगों की संख्या 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्तूबर को 70 लाख, 29 अक्तूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ के आंकड़े को पार कर गई।