नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ने बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है| कांग्रेस पार्टी ने आज यानी बुधवार को आगामी Bihar Elections 2020 के पहले चरण के लिए 21 उम्मीदवारों की सूची जारी की।
बिहार कांग्रेस ने सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी| बिहार कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया,''बिहार विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की सूची। सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आप सब पूरी मेहनत के साथ बिहार मे काँग्रेस का परचम लहराएंगे ऐसी हम कामना करते हैं।
बता दें कि कांग्रेस इस बार महागठबंधन के साथ बिहार में चुनाव लड़ रही है। इस बार पार्टी को 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारने हैं। कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में कुल 21 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है।
इनमें वजीरगंज से शशि शेखर, बरबीघा से गजानंद शाही, वारिसलीगंज से सतीश कुमार सिंह उर्फ मनटन सिंह, कहलगांव से शुभानंद मुकेश, हिसुआ से नीतू कुमारी, औरंगाबाद से आनंद शंकर सिंह, सिकंदरा से सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी, बक्सर से मुन्ना तिवारी, बिक्रम से सिद्धार्थ को टिकट दिया गया है। वहीं, लखीसराय से अमरेश कुमार (अनीश), चेनारी से मुरारी प्रसाद गौतम, बाढ़ से सत्येंद्र बहादुर, टेकारी से सुमंत कुमार को प्रत्याशी बनाए गए हैं।
वहीं आरजेडी ने 42 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। आरजेडी ने जमुई सीट से विजय प्रकाश को टिकट दिया है। बीजेपी ने इस सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह को टिकट दिया है। जबकि मोकामा से अनंत सिंह को टिकट मिला है। अनंत सिंह नामाकंन भी कर चुके हैं। बिहार में पहले चरण की 71 सीटों पर 28 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। इसके बाद 3 नवंबर को 94 सीटों और 7 नवंबर को 78 सीटों पर वोटिंग होनी है।