नई दिल्ली: भारत वैश्विक भूख सूचकांक 2020 में 107 देशों की सूची में 94 वें स्थान पर है और भूख की ''गंभीर'' श्रेणी में है| भुखमरी सूचकांक में भारत की 'गंभीर' स्थिति पर कांग्रेस ने तंज कसा है| कांग्रेस ने कहा कि,''मोदी जी ने जीडीपी गिरा दी तो क्या हुआ, भुखमरी बढ़ाई भी तो है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी वैश्विक भूख सूचकांक में भारत के अपने कई पड़ोसी देशों से पीछ रहने को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह सरकार अपने कुछ खास मित्रों की जेबें भरने में लगी हुई है जिस कारण देश का गरीब भूखा है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने Global Hunger Index' से संबंधित एक ग्राफ शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ भारत का ग़रीब भूखा है क्योंकि सरकार सिर्फ़ अपने कुछ ख़ास ‘मित्रों’ की जेबें भरने में लगी है।’’
वैश्विक भूख सूचकांक 2020 के मुताबिक, दुनिया भर में भारत का 94वां स्थान है जबकि इंडोनेशिया, पाकिस्तान, नेपाल और बंगलादेश इसकी तुलना में कहीं बेहतर पायदान पर हैं। इंडोनेशिया 70, नेपाल 73, बांग्लादेश 75 और पाकिस्तान 88वें पायदान पर है।