नई दिल्ली: केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों (Petrol Diesel Price Hike) पर चल रहे सियासी घमासान पर अपनी प्रतिक्रिया दी| उन्होंने कहा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते पेट्रोल और डीजल की उपभोक्ता मूल्य में बढ़त देखने को मिल रही है| यह धीरे-धीरे कम हो जाएगा|बताते चलें कि आज फिर पेट्रोल-डीजल के दामों में आग लग गई है| आज पेट्रोल के दामों में 35 से 38 और डीजल के दामों में 34 से 35 पैसों की बढ़ोतरी की गई है|
पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा,'अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने के कारण दाम बढ़े हैं। कोरोना वायरस की वजह से मांग कम होने से आपूर्ति में भी कटौती हुई थी| तेल की आपूर्ति करने वाले देशों ने वादा किया था कि हम जनवरी-फरवरी में आपूर्ति को पहले की स्थिति में ले आएंगे, उनके नहीं लाने के कारण ये स्थिति बनी है। एशिया के सारे देश उत्पादन बढ़ाने के लिए दबाव बना रहे हैं, हमें लगता है कि इससे कुछ फर्क आना चाहिए|
पेट्रोलियम प्रोडक्ट को जीएसटी के दायरे में लाने पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा,''ये जीएसटी काउंसिल का विषय है। पेट्रोलियम इंडस्ट्री की तरफ से हम पहले दिन से इसके लिए अनुरोध कर रहे हैं। धीरे-धीरे पेट्रोलियम प्रोडक्ट को जीएसटी की ओर ले जाना पड़ेगा|
बता दें,''वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम स्थिर रहने के बावजूद पिछले कुछ दिनों से लगातार देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में इजाफा देखने को मिल रहा है| बताते चलें कि रविवार और सोमवार दो दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं हुआ| लेकिन मंगलवार यानी 23 फरवरी, 2021 को आज फिर पेट्रोल-डीजल के दामों में आग लग गई है| आज पेट्रोल के दामों में 35 से 38 और डीजल के दामों में 34 से 35 पैसों की बढ़ोतरी की गई है| देश में कई जगहों पर पेट्रोल के दाम 100 के पार पहुंच गए हैं| लेकिन बढ़ोतरी के बीच कीमतों में कटौती के कहीं आसार नहीं दिख रहे हैं|
दो दिनों की शांति से पहले लगातार 12 दिनों तक पेट्रोल और डीजल में भारी बढ़ोतरी हुई थी। दिल्ली में आज पेट्रोल 35 पैसे प्रति लीटर चढ़ कर 90.93 रुपये पर चला गया था। डीजल भी 35 पैसे का छलांग लगा कर 81.32 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया था। इस समय लगभग हर शहरों में दोनों ईधनों के दाम ऑल टाइम हाई पर चल रहे हैं।