नई दिल्ली: देश आज अपना 72वां गणतंत्र दिवस (Republic Day) मना रहा है| गणतंत्र दिवस के मौके पर कृषि कानून के खिलाफ पिछले दो महीनों से आंदोलन कर रहे किसान दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकाली। लेकिन, शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाने वाली यह रैली हिंसक प्रदर्शन में बदल गई।किसान संगठनों की ट्रैक्टर रैली के बीच दिल्ली में कई जगहों पर बवाल हो गया| जगह-जगह किसानों की ओर से बैरिकेड तोड़े गए| किसान लाल किले के अंदर दाखिल हुए और अपना झंडा फहराया।
सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर किसान पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर दिल्ली की सीमा में दाखिल हो गए। वहीं, मुकरबा चौक पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने यहां आंसू गैस के गोले छोड़ें हैं। बुराड़ी और नांगलोई में भी पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े हैं।
किसान गणतंत्र दिवस परेड (Kisan Republic Day Parade) के दौरान दिल्ली में हिंसा और तोड़फोड़ हुई। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों और दिल्ली में मौजूद सभी जवानों को उपद्रवियों का पूरी शक्ति के साथ मुकाबला करने के लिए कहा है। दिल्ली पुलिस ने कहा आज दिल्ली में आंदोलनकारियों द्वारा हिंसा में 83 पुलिस कर्मी घायल हुए हैं|
वहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा,''संयुक्त किसान मोर्चा किसान गणतंत्र दिवस परेड को तत्काल प्रभाव से बंद करके सभी प्रतिभागियों से तुरंत अपने संबंधित प्रदर्शन स्थलों पर लौटने की अपील करता है। आंदोलन शांतिपूर्वक जारी रहेगा और आगे के कदमों पर चर्चा करके जल्द निर्णय लिया जाएगा|
संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा,''किसान गणतंत्र दिवस परेड में अभूतपूर्व भागीदारी के लिए हम किसानों को धन्यवाद देते हैं। हम उन अवांछनीय और अस्वीकार्य घटनाओं की भी निंदा करते हैं, जो आज घटित हुई हैं। ऐसे कृत्यों में लिप्त होने वाले लोग हमारे सहयोगी नहीं हैं|हमारे सभी प्रयासों के बावजूद कुछ संगठनों और व्यक्तियों द्वारा रूट का उल्लंघन करने का निंदनीय कृत्य किया गया। असामाजिक तत्वों ने शांतिपूर्ण आंदोलन में घुसपैठ की। हमने हमेशा माना है कि शांति हमारी सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी उल्लंघन से आंदोलन को नुकसान होगा|
Farmer's Tractor Rally LIVE Updates:
-हरियाणा के बाद अब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में हुए उपद्रव के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और डीजीपी के कानून व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए हैं।
-आज गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में जिस तरह का तांडव हुआ उस पर मैं उन नेताओं की निंदा करता हूं जिन्होंने पुलिस के साथ बैठकर ट्रैक्टर परेड को शांतिपूर्वक निकालने का वचन दिया था, लेकिन जब दिल्ली में हिंसा का तांडव हो रहा था तब ये नेता दिखाई नहीं दिए: केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया
-आज दिल्ली में आंदोलनकारियों द्वारा हिंसा में 83 पुलिस कर्मी घायल हुए हैं| दिल्ली पुलिस ने आज दिल्ली के अंदर हुए उपद्रव पर चार एफआईआर दर्ज किए हैं। इस खबर की पुष्टि दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने की है। तीन एफआईआर ईस्ट दिल्ली में और एक एफआईआर शाहदरा जिले में दर्ज हुआ है। पुलिस ने जानकारी दी है कि कुल 83 पुलिसवाले घायल हुए हैं, जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल और ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
-संयुक्त किसान मोर्चा किसान गणतंत्र दिवस परेड को तत्काल प्रभाव से बंद करके सभी प्रतिभागियों से तुरंत अपने संबंधित प्रदर्शन स्थलों पर लौटने की अपील करता है। आंदोलन शांतिपूर्वक जारी रहेगा और आगे के कदमों पर चर्चा करके जल्द निर्णय लिया जाएगा: संयुक्त किसान मोर्चा
-कल शाम 5 बजे तक हरियाणा के सोनीपत, पलवल और झज्जर जिलों में इंटरनेट और SMS सेवाएं निलंबित रहेंगी: हरियाणा सरकार
-हरियाणा CM मनोहर लाल खट्टर ने आज एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी उपायुक्तों, पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को राज्य में कानून-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं: हरियाणा CMO
-दिल्ली के विकास मार्ग, दिल्ली गेट, आनंद विहार से यूपी जाने वाला रास्ते पर ट्रैफिक अब सामान्य है। इसके साथ ही बरार स्क्वायर से राजौरी गार्डन जाने वाला रास्ता, पीरागढ़ी चौक और पंजाबी बाग चौक, एनएच 24 से गाजियाबाद जाने वाला रास्ता और एनएच-9 से गाजियाबाद जाने वाला रास्ता भी सामान्य है।
-भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बयान जारी करते हुए कहा कि, संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज 26 जनवरी 2021 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड में भागीदारी निभाने वाले सभी किसान भाइयों का भाकियू तहे दिल से शुक्रिया अदा करती है। परेड के दौरान कुछ अवांछनीय तत्वों ने अप्रिय घटनाओं को अंजाम दिया उसकी भाकियू कड़े शब्दों में निन्दा करती है और जो घटना घटी उस पर खेद प्रकट करती है। लेकिन इस पूरी घटना के लिए भाकियू दिल्ली पुलिस-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराती है। जो निर्धारित रूट दिल्ली पुलिस की तरफ से दिया गया था, ट्रैक्टर मार्च उसी रूट पर शुरू हुआ लेकिन चिन्हित जगहों पर बैरिकेड ना कर किसान यात्रा को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया। इसी का नतीजा यह हुआ कि ट्रैक्टर सवार भटक कर दिल्ली की तरफ आगे चले गए। परिणाम स्वरूप अवांछनीय तत्वों और कुछ संगठनों को मौका मिला और उन्होंने इस यात्रा में विघ्न डालने का कुत्सित प्रयास किया। भाकियू इस कृत्य में लिप्त लोगों से खुद को अलग करती है। किसान यूनियन का हमेशा शांतिपूर्ण आंदोलन में विश्वास रहा है।
-उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने जानकारी दी है कि, दिल्ली में जो यात्री किसान आंदोलन के चलते रेलवे स्टेशनों तक नहीं पहुंच सके उन्हें टिकट का पूरा पैसा रिफंड मिलेगा। आज रात नौ बजे तक दिल्ली के सभी स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों से जो यात्री नहीं जा सके हैं वो लोग टिकट का पैसा वापस पाने के लिए अप्लाई कर सकते हैं, टिकट चाहे जैसे भी खरीदा गया हो।
-हिंसा के बाद ग्रह मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। CRPF की 10 कंपनियां तैनात होंगी। अर्ध सैनिक बलों की कुल 15 कंपनी तैनात होंगी। उपद्रवियों से पूरी ताकत से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। आईटीओ पर अभी भी उपद्रवियों का कब्जा है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने यह आदेश दिए हैं।
-बागपत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि किसानों का शांतिपूर्ण आंदोलन तोड़ने के लिए साजिश रची गई है। लाल किले जैसी सुरक्षित जगह पर आखिर इतनी सुरक्षा के बीच कोई कैसे पहुंच गया। सीधा सादा किसान तो दिल्ली का रास्ता भी नहीं जानते, किसानों को गुमराह करके और रास्ता भटकाकर ले जाया गया है। दिल्ली पुलिस और सरकार पूरी तरह फेल हो गई है। किसान इन साजिशों से घबराने वाले नहीं है, आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन में पुलिस की गोली से शहीद हुए किसान को एक करोड़ से अधिक मुआवजा मिलना चाहिए। किसानों की संपत्ति का जो नुकसान हुआ है, केंद्र सरकार को उसकी भरपाई करनी चाहिए। किसानों के ट्रैक्टरों में पुलिस ने तोड़फोड़ कर दी है। किसान आंदोलन के खिलाफ पूरी साजिश रची गई है।
-किसान नेताओं के साथ बातचीत में रूट निर्धारित किए गए थे परन्तु आज सुबह 9:30 बजे एक गुट ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और गाजीपुर बॉर्डर के पास पहली झड़प पुलिस के साथ हुई। पुलिस द्वारा उन्हें रोकने की कोशिश की गई| काफी उग्र तरीके से ट्रैक्टरों द्वारा पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की गई। व्यापक पैमाने पर तोड़फोड और नुकसान किया गया। काफी उग्र तरीके से ये रैली की गई, इसपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी: दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार
-आज दिल्ली में जिन्होंने तोड़फोड़ की, वे किसान नहीं किसान के दुश्मन हैं, ये साजिश का अंग है। आज की गुंडागर्दी से, साजिश से हमने सबक लिया है। भविष्य में आंदोलन में ऐसे लोगों को घुसने का मौका न मिले, हम शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन चलाएंगे: ऑल इंडिया किसान सभा महासचिव हन्नान मौला
-आज हुई किसान ट्रैक्टर रैली में हिंसक घटनाएं हुई जिसमें दिल्ली पुलिस के लोग घायल हुए, सरकारी संपत्ति को भी नुकसान हुआ। पुलिस ने संयम के साथ काम किया। मेरी किसान आंदोलनकारियों से अपील है कि जो पहले से तय रास्ते हैं वहां से वापस लोट जाएं: ईश सिंघल, दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता
-गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ी स्थिति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय की उच्चस्तरीय बैठक चल रही है। इस बैठक में किसानों के हिंसक प्रदर्शन और राजधानी के कई हिस्सों में बिगड़ी स्थिति पर चर्चा की जा रही है। दिल्ली में भारी संख्या में बल तैनात हैं और अतिरिक्त बलों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद हैं।
-निम्नलिखित स्टेशनों में एक गेट से प्रवेश / निकास की अनुमति दी गई है - समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18/19, हैदरपुर बादली मोड़, जहांगीर पुरी, आदर्श नगर, आजादपुर, मॉडल टाउन, जीटीबी नगर, विश्व विद्यालय, विधानसभा और सिविल लाइन्स: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC)
-दिल्ली मेट्रो ग्रे लाइन को फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया है: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC)
-आज दिल्ली में जो हुआ कोई भी उसका समर्थन नहीं करता परंतु इसके पीछे के कारण को भी नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता। पिछले कई दिनों से किसान धरने पर बैठे थे, भारत सरकार की ज़िम्मेदारी थी कि सकारात्मक बात कर हल निकालना चाहिए था। वार्ता हुई लेकिन कुछ हल नहीं निकला: शरद पवार, NCP अध्यक्ष
-किसान गणतंत्र दिवस परेड में अभूतपूर्व भागीदारी के लिए हम किसानों को धन्यवाद देते हैं। हम उन अवांछनीय और अस्वीकार्य घटनाओं की भी निंदा करते हैं, जो आज घटित हुई हैं। ऐसे कृत्यों में लिप्त होने वाले लोग हमारे सहयोगी नहीं हैं: संयुक्त किसान मोर्चा
-दिल्ली मेट्रो ग्रे लाइन पर सभी स्टेशनों के प्रवेश / निकास द्वार बंद हैं|जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के प्रवेश / निकास द्वार बंद हैं: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC)| दिलशाद गार्डन, झिलमिल और मानसरोवर पार्क मेट्रो स्टेशन के प्रवेश / निकास द्वार बंद हैं: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC): दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC)
-कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं हैं।
-वजीराबाद रोड, ISBT रोड, GT रोड, पुश्ता रोड, विकास मार्ग, NH-24, रोड नंबर-57, नोएडा लिंक रोड पर ट्रैफिक बहुत ज्यादा है। कृपया इन सड़कों से बचें: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस
-हिंसा किसी भी आंदोलन का हल नहीं है लेकिन सरकार को शांतिपूर्ण आंदोलन का हल निकालना चाहिए था। किसान पिछले दो महीने से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, तब किसानों को उल्लू बनाया जा रहा था। अभी के हालात में किसान नहीं असामाजिक लोग शामिल है, क्योंकि सरकार किसानों को बदनाम करना चाहती हैं: कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल
-किसानों को बदनाम ना करे क्योंकि यही किसान पिछले दो महीने से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। मौजूदा मोदी सल्तनत किसानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही थी तब एक भी मीडिया सच दिखाने की हिम्मत नहीं कर रहा। किसान हमारी शान है और आप किसानों को दुखी कर रहे हैं: कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल
-गणतंत्र दिवस पर दिल्ली मे हिंसक घटनाओं की खबरें अत्यंत चिंताजनक है, लोकतंत्र मे हिंसा का कोई स्थान नही है। अहिंसा व शांति से हर समस्या का हल निकाला जा सकता है। किसानो व जवानों ने भारत को हमेशा गौरवान्वित किया है। केंद्र सरकार तत्काल देश व किसान हित मे तीनों कृषि कानून वापिस ले: कांग्रेस नेता सचिन पायलट
-लाल क़िले पर “तिरंगे” के अलावा और कोई भी झंडा,देश का अपमान है| लाल क़िले का इतना “अपमान” तो किसी “कमज़ोर” प्रधान मंत्री के दौर में भी नहीं हुआ.....राष्ट्रीय “गौरव” के दिन “राष्ट्र” का अपमान: कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम
-देश की गरिमा से ऊपर कुछ भी नहीं। मतभिन्नता सरकार और उसकी नीतियों से हो सकती है लेकिन देश सर्वोपरि है। गणतंत्र दिवस के दिन देशवासियों पर लाठीचार्ज की नौबत आ जाये ये सरकार की असफलता है। लेकिन अनुशासन का पालन देशवासियों की ज़िम्मेदारी है। मर्यादा के हनन में देश का नुक़सान है: कांग्रेस नेता राज बब्बर
-आंदोलन का “समर्थन” है “अराजकता” का नहीं: कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम
-सरदार पटेल के “उत्तराधिकारी” होने का दावा करने वालों, कुछ तो शर्म|.... गण तंत्र दिवस पर देश की “राजधानी” दिल्ली का ये मंज़र बेहद दुःखद और अफ़सोस जनक है. : कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम
-दिल्ली: एक प्रदर्शनकारी ने लाल किले के गुंबद पर झंडा लगाया।
-कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा -हिंसा किसी समस्या का हल नहीं है। चोट किसी को भी लगे, नुक़सान हमारे देश का ही होगा। देशहित के लिए कृषि-विरोधी क़ानून वापस लो!
-हम सुबह से किसानों से अपील कर रहे हैं कि जो रास्ता दिल्ली पुलिस के साथ बैठक में तय हुआ है उसका पालन करें। काफी लोग उस रास्ते से चले गए हैं लेकिन कई लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की,बैरिकेड तोड़े। हमारे कुछ लोग घायल हुए हैं: शालिनी सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर
-दिल्ली: दिल्ली के आईटीओ इलाके में विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने डीटीसी बस में तोड़फोड़ की।
-हमारे सब लोग शांतिपूर्ण तरीके से जा रहे हैं। जो लोग गड़बड़ फैलाने की कोशिश कर रहे हैं वो चिन्हित हैं। वो राजनीतिक दल के लोग हैं और इस आंदोलन को खराब करना चाहते हैं: राकेश टिकैत, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता
-दिल्ली: नांगलोई इलाके में प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले इस्तेमाल किए।
-दिल्ली: लाल किला में बड़ी संख्या में इकट्ठा प्रदर्शनकारी। प्रदर्शनकारियों ने लाल किले में अपने झंडे लगाए हैं
-UP: इटावा जिले में इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आज किसान ट्रैक्टर रैली समाजवादी पार्टी नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव के नेतृत्व में ट्रैक्टर रैली निकाली गई। जिसे प्रशासन के द्वारा मानिकपुर मोड़ पर रोक दिया गया। इससे आगरा-कानपुर हाईवे जाम हो गया है।
-UP: हमीरपुर के राठ कस्बे में किसान कानूनों के विरोध में गणतंत्र दिवस पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर में ट्रैक्टर रैली निकाली। जिसमें करीब दो दर्जन ट्रैक्टरों सहित सैकड़ों सपा कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान मुख्य मार्ग पर स्टेट बैंक चौराहे के पास नारेबाजी कर रहे सपाइयों को पुलिस ने रोका। जिस पर निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सत्यपाल यादव की कोतवाली पुलिस से तीखी नोंकझोंक हुई। पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए सत्यपाल यादव ने जमकर विरोध जताया।
-UP: मथुरा के नौहझील के पास जाम लग गया। सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर यमुना एक्सप्रेस पेपर पहुंच चुके हैं, दोनों तरफ का रास्ता जाम कर दिया है, साथ ही दिल्ली की तरफ कूच कर दिए हैं पुलिस बेबस नजर आ रही है।
-UP: बलरामपुर में ट्रैक्टर रैली निकालने का प्रयास कर रहे पूर्व मंत्री और मटेरा विधायक यासर शाह घर में नजरबंद किए गए। वहीं, चित्रकूट में समाजवादी पार्टी द्वारा ट्रैक्टर रैली निकाली गई। जिलामुख्यालय के पहले ही पुलिस ने गल्लामंडी चौराहे पर रोक लिया। लोनी तहसील पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ट्रैक्टर रैली निकाली। वहीं लोनी तिराहा समेत अन्य स्थानों पर भाजपाइयों ने तिरंगा यात्रा निकाली।
-दिल्ली में ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए गए किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर वापस लौटने शुरू हो गए हैं। क्षेत्र के किसान बॉर्डर से परेड में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे हैं। ट्रैक्टरों के काफिलों को बाईपास से ही निकाला जा रहा है। शहर के अंदर से गुजरने की अनुमति नहीं। शांतिपूर्ण माहौल के बीच किसान वापस लौट रहे।
-गाज़ीपुर बॉर्डर पर किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर रखे हुए कंटेनरों को हटाया।
-दिल्ली: आईटीओ इलाके में जमा किसान प्रदर्शनकारी। किसान प्रदर्शनकारी कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं।
-दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ ट्रैक्टर रैली निकाल रहे किसान लाल किला पहुंचे।
-भानु संगठन के कार्यकर्ता चिल्ला बॉर्डर से निकले तो मयूर विहार एक्सटेंशन पर पुलिस ने रोक दिया। किसान बैरिकेड तोड़ते हुए अक्षरधाम की तरफ बढ़ गए। आगे भारी बैरिकेडिंग के चलते मयूर विहार फेज एक से किसान वापस चिल्ला बॉर्डर पहुंचे है। किसानों ने चिल्ला बॉर्डर को जाम कर दिया है।
-दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने बताया कि आईटीओ मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा सामयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18/19, हैदरपुर बादली मोर, जहांगीर पुरी, आदर्श नगर, आज़ादपुर, मॉडल टाउन, जीटीबी नगर, विश्व विद्यालय, विधानसभा और सिविल लाइंस के प्रवेश / निकास द्वार बंद किए गए हैं। इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के प्रवेश / निकास द्वार और ग्रीन लाइन पर सभी स्टेशन बंद हैं।
-आईटीओ मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन
-दिल्ली: पुलिस आईटीओ इलाके में किसान प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल कर रही है।
-दिल्ली: मयूर विहार इलाके में किसान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी।
-अभी तक पूरे उत्तर प्रदेश में सब कुछ सकुशल चल रहा है। सभी लोग हमारे किसानों से लगातार वार्ता कर रहे हैं। अभी तक शांति है। उत्तर प्रदेश में कहीं भी लाठीचार्ज नहीं किया गया है: किसानों की ट्रैक्टर रैली पर प्रशांत कुमार, ADG (कानून-व्यवस्था), उत्तर प्रदेश
-दिल्ली: प्रदर्शनकारी किसानों ने आईटीओ इलाके में पुलिसकर्मियों पर हमला किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी में भी तोड़-फोड़ की।
-मध्य दिल्ली में आईटीओ पर प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।
-ट्रैक्टर रैली शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। ये मेरी जानकारी में नहीं है: ट्रैक्टर रैली के दौरान कुछ जगह पर हो रही हिंसा पर राकेश टिकैत, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता
-दिल्ली: प्रदर्शनकारी किसानों ने आईटीओ इलाके में एक डीटीसी बस में तोड़फोड़ की।
-दिल्ली: किसानों की ट्रैक्टर रैली गाज़ीपुर बॉर्डर से ITO के पास सराय काले खां पहुंची।
-दिल्ली: प्रदर्शनकारी किसान गाज़ीपुर बॉर्डर से प्रगति मैदान के पास पहुंचे। किसान यहां से सेंट्रल दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं।
-दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकरी किसानों ने मुकरबा चौक पर पुलिस बैरिकेडिंग को हटाया।
-कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकरी किसानों ने करनाल बाईपास पर दिल्ली के अंदर प्रवेश करने के लिए पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी।
-कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पांडव नगर के पास पुलिस बैरिकेडिंग को हटाया।
-कृषि क़ानूनों के खिलाफ ट्रैक्टर रैली निकाल रहे प्रदर्शनकारियों की भीड़ टिकरी बॉर्डर पर जमा हुई।
-दिल्ली: संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। सिंघू बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली यहां पहुंची थी।
-हम शांतिपूर्ण तरीके से जाएंगे और वापस आ जाएंगे। हमें रिंग रोड पर जाना है लेकिन पुलिस रोक रही है। लोग आ रहे हैं उसके बाद हम इस पर विचार करेंगे। 30-45 मिनट का समय दिया गया है तब तक हम यहीं बैठेंगे और फैसला करेंगे: सिंघु बॉर्डर से किसान मजदूर संघर्ष समिति के अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू
-गाज़ीपुर बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली शुरू हो गई है। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया, "हमें एक रूट दिया गया है हम उसी रूट से जा रहे हैं। आंदोलन खत्म नहीं होगा। नियमों का पूरा पालन किया जाएगा।"
-हमारे सारे जिलों में अधिकारी मुस्तैद हैं। उनको दिशानिर्देश दे दिए गए हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से बनाकर रखी जाएगी। कोई उपद्रव करता है तो कानून के हिसाब से सख्त कार्रवाई की जाएगी: किसानों की ट्रैक्टर रैली पर उत्तर प्रदेश के डीजीपी एच. सी. अवस्थी
-कृषि क़ानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली दिल्ली में दाखिल हुई
-किसानों की ट्रैक्टर रैली को देखते हुए पुलिस गाज़ीपुर बॉर्डर पर ड्रोन की मदद से निगरानी कर रही है
-दिल्ली: गणतंत्र दिवस और किसान ट्रैक्टर रैली को देखते हुए रोहतक रोड पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
-नांगलोई से किसान बैरिकेड को तोड़कर पंजाबी बाग की तरह यानी रिंग रोड की तरफ बढ़ गए हैं। स्थिति कंट्रोल से बाहर हो गई है। पुलिस से किसान काबू नहीं हो रहे हैं। किसानों की संख्या बहुत ज्यादा है। दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। पुराने डीएम नेट को भी दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने खोलने को कहा गया है। दिल्ली पुलिस में दो वायरलेस सेट है। पुराने वाले वायरलेस सेट को भी चलाने के लिए कहा गया है। दिल्ली पुलिस में हाल ही में नए वायरलेस सेट लाए गए हैं।
-कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों की ट्रैक्टर रैली धंसा बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर) से शुरू हुई।
-सिंघु बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली कंझावला चौक-औचंदी बॉर्डर-केएमपी-जीटी रोड जंक्शन की ओर बढ़ते हुए।
- कृषि क़ानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी
-किसानों की ट्रैक्टर रैली को देखते हुए चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली-यूपी बॉर्डर) पर सुरक्षा बल तैनात हैं।
-आज होने वाली किसानों की ट्रैक्टर रैली के लिए बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर से दिल्ली की तरफ बढ़ रहे हैं।
-हरियाणा: गणतंत्र दिवस और किसान ट्रैक्टर रैली को देखते हुए फरीदाबाद-पलवल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
-गाज़ीपुर बार्डर पर किसानों के प्रदर्शनस्थल पर ट्रैक्टर रैली से पहले बड़ी संख्या में ट्रैक्टर खड़े दिखे। एक प्रदर्शनकारी ने बताया, "सभी लोग यहां से चलेंगे और गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। सड़क पर ट्रैक्टर से परेड की जाएगी।
-दिल्ली: गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। तस्वीरें नार्थ ऐवेन्यू से।
UP: गोंडा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर ट्रैक्टर रैली निकाली गई। पूर्व मंत्री विनोद सिंह उर्फ पंडित सिंह ने इसका नेतृत्व किया।
UP: गोरखपुर में ट्रैक्टर रैली निकालने की अनुमति नहीं है। यहां न तो किसी ने रैली के लिए अनुमति ली है और न ही किसी को अनुमति दी गई है। ऐसे में यदि रैली के लिहाज से शहर की ओर कोई ट्रैक्टर लेकर आएगा तो उसका वाहन सीज दिया जाएगा। इसके साथ ही मालिक पर एफआईआर भी दर्ज करायी जाएगी। कोई ट्रैक्टर लेकर न निकले इसके लिए लेखपालों एवं चौकीदारों को भी अलर्ट किया गया है।
मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस पर चढ़ने वाले जितने भी पॉइंट थे वहां पुलिस तैनात है। किसी भी किसान संगठन को यमुना एक्सप्रेस वे पर नहीं चढ़ने दिया जा रहा है। मथुरा से चढ़ने वाले एंट्री प्वाइंट को पुलिस ने पहले ही रोक दिया था। डायवर्जन करके उल्टी दिशा से रूटीन के आने जाने वाले लोगों को उतारने और चढ़ाने की व्यवस्था की गई।
-दिल्ली पुलिस द्वारा किसानों को करीब 5000 खोली और 5000 किसानों की परमिशन मिली थी, लेकिन परेड के दौरान किसान ट्रैक्टरों में ट्रॉली और करीब 25 से 30 हजार किसानों की संख्या के साथ दिल्ली में घुस गए। दिल्ली में विनोद नगर मेट्रो स्टेशन के पास किसानों का जमावड़ा लगा है।
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के लेन पर रोडवेज की बस को लगाकर रास्ता बंद करने का प्रयास किया। इस पर किसानों का गुस्सा बढ़ गया जिन्हें दिल्ली पुलिस के कमिश्नर राजेश खुराना ने समझाया।
-गाजीपुर में जबरन कंटेनर को हटाकर किसान अक्षरधाम की और बढ़ गए हैं। करीब पचास ट्रैक्टर निकलने तक पुलिस ने किसान नेताओं को समझाकर रोक दिया है। रास्ता अब पूरी तरह बंद कर दिया है। किसान मार्च अब फिर से आनंद विहार की तरफ बढ़ रहा है। उधर, अक्षरधाम मंदिर की तरफ गए ट्रैक्टर भी वापस लौट रहे हैं।
-चिल्ला बॉर्डर पर ट्रैक्टर को लाइन से लगवाने के लिए मंच से अपील की गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद एक ट्रैक्टर चालक उत्साहित होकर स्टंट करने लगा। इस दौरान ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में भारतीय किसान यूनियन भानू के जिलाअध्यक्ष राजीव नगर चोटिल हो गए। मौके पर मौजूद भारी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टर को सीधा किया।
-आजमगढ़ जिले में गणतंत्र दिवस पर समाजवादी पार्टी (सपा) की ट्रैक्टर रैली को लेकर तनातनी की स्थिति बनी हुई है। अंबारी स्थित सपा नेता एवं पूर्व बाहुबली सांसद रमाकांत के आवास पर ट्रैक्टरों के साथ कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा है। वहीं पुलिस ने रैली को किसी भी कीमत पर रोकने के लिए प्रमुख मार्गों पर फोर्स लगा दी है।
-जौनपुर में सपा के पूर्व सांसद तूफानी सरोज को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है। घर के बाहर जलालपुर और वाराणसी के फूलपुर थाने की फोर्स तैनात है। बड़ी संख्या में सपाई भी घर के बाहर जुट गए हैं। पूर्व सांसद का कहना है कि वह घर से बाहर जरूर जाएंगे, चाहे पुलिस कुछ भी कर ले। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
-यूपी के संतकबीरनगर जिले में किसान आंदोलन के समर्थन में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निकाली ट्रैक्टर रैली, शहर के बिधियानी मोड़ पर सड़क जाम की। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक हुई।
-दिल्ली में ग्रीन लाइन पर इन स्टेशनों पर प्रवेश बंद हैं। ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी, पंडित श्री राम शर्मा, टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां, घेवरा, मुंडका औद्योगिक क्षेत्र, मुंडका, राजधानी पार्क, नांगलोई रेलवे स्टेशन, नांगलोई शामिल हैं। इन स्टेशनों के लिए निकास की अनुमति है।
गाजीपुर सीमा पर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश पुलिस और किसान नेताओं के संपर्क में हैं। हमने किसान ट्रैक्टर रैली के दौरान सुरक्षा निगरानी के लिए ड्रोन तैनात किए हैं।
-गाजीपुर बॉर्डर पर तमिलनाडु के किसानों का एक जत्था पहुंचा है। करीब 200 किसानों ने यहां पहुंचकर कहा कि वह आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन करने आए हैं।
-पुरुषों के अलावा ट्रैक्टर रैली में महिलाएं भी शामिल होंगी। रैली में शामिल हो रही खान ने दावा किया कि आज की को परेड में करीब 500 महिलाएं भी मौजूद रहेंगी।
गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के लिए किसानों ने कमर कस ली है। सिंघु, टीकरी ओर गाजीपुर बॉर्डर पर परेड के लिए आखिरी क्षण की तैयारियों में किसान व्यस्त हैं। आज (मंगलवार) परेड का एक अहम हिस्सा ट्रैक्टर टॉली पर झांकी होगी। शुरुआती ट्रॉली में गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र पाठ किया जाएगा, जिसके लिए वाहनों को फूलों से सजाया गया। इस दौरान कुछ कलाकारों की कृषि से जुड़े पोस्टर भी प्रदर्शित करने की तैयारी की गई।